बिजली निगम में जली मुख्य केबल। स्रोत कर्मचारी
फतेहाबाद। जिले में मौसम की बेरुखी और बारिश की कमी के कारण बढ़ी गर्मी ने बिजली निगम के सिस्टम पर दबाव बढ़ा दिया है। बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने से जिले में दैनिक खपत करीब 1.45 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। अत्यधिक लोड के चलते भोडियाखेड़ा रोड स्थित 132 केवी सब-स्टेशन की मुख्य केबल जल ग जिससे शहर के कई हिस्सों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे लोड का दबाव नहीं झेल पाने के कारण सब-स्टेशन की मुख्य केबल में फॉल्ट आ गया। इसके चलते कबीर बस्ती, मॉडल टाउन, एमसी कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। सुबह के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निगम कर्मचारियों ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद फॉल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल की।
बढ़ते लोड को नियंत्रित करने के लिए बिजली निगम की ओर से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। हर दो से तीन घंटे के अंतराल पर 30 से 45 मिनट तक बिजली कटौती हो रही है।
कृषि फीडरों पर भी लोड बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। किसानों को मुश्किल से छह से सात घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल रही है, जिससे खरीफ फसलों पर असर पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में धान की फसल प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
-
:: बारिश न होने के कारण लोड में बढ़ोतरी हुई है। क्षमता से अधिक लोड होने के कारण तकनीकी खामियां आ रही हैं। निगम की टीमों का लगातार प्रयास जारी है। ऐसे में उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे पीक आवर्स के दौरान अनावश्यक उपकरणों का प्रयोग न करें ताकि सिस्टम पर लोड कम किया जा सके।
रविंद्र, सिटी एसडीओ, बिजली निगम, फतेहाबाद।