फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: अब शिक्षा के साथ कारोबार का हुनर भी सीखेंगे विद्यार्थी

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अब किताबों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेंगे बल्कि कलम के साथ कारोबार का हुनर भी सीखेंगे। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को बिजनेस की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसका उद्देश्य उनमें उद्यमिता की सोच विकसित करना है ताकि वे भविष्य में नौकरी तलाशने के बजाय खुद का कारोबार शुरू करने के साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकें।
विज्ञापन


हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से शुरू किए गए बिजनेस चैलेंज के तहत चालू शैक्षणिक सत्र में प्रदेश के 23 जिलों के 2.15 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अब तक 11 हजार से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। ये शिक्षक विद्यार्थियों को कारोबार की बारीकियां समझने और उनके नए विचारों को आगे बढ़ाने में मार्गदर्शन करेंगे।

बीईओ राकेश चराया ने बताया कि कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं और जरूरतों को पहचानना सिखाया जाएगा। वे समझेंगे कि रोजमर्रा की परेशानियों का समाधान किसी नए उत्पाद या कारोबार के माध्यम से कैसे किया जा सकता है। इसके बाद वे अपने बिजनेस आइडिया पर काम करने के साथ उनके शुरुआती नमूने तैयार करना सीखेंगे। इससे उनमें रचनात्मक सोच और समस्याओं का समाधान तलाशने की क्षमता विकसित होगी।
विज्ञापन


30 घंटे के विशेष पाठ्यक्रम से सीखेंगे कारोबार के गुर

विद्यार्थियों के लिए 30 घंटे का विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें टीमवर्क, नए विचारों की पहचान, बाजार की जरूरतों को समझने और कारोबार की योजना बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थी समूहों में अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए बिजनेस आइडिया तैयार करेंगे। वे इन विचारों को दूसरों के सामने प्रस्तुत करने, शुरुआती मॉडल बनाने और बाजार सर्वेक्षण के माध्यम से उत्पाद की उपयोगिता समझने का अभ्यास भी करेंगे।

नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने की सोच होगी विकसित

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नवाचार, समस्या समाधान, टीमवर्क और आत्मनिर्भरता जैसे कौशल सिखाए जाएंगे। आगे चलकर उन्हें मार्गदर्शन, नए कारोबार को विकसित करने में सहयोग और शुरुआती आर्थिक सहायता जैसी सुविधाओं से जोड़ने का भी प्रावधान है। इससे विद्यार्थियों को कम उम्र में ही कारोबार की दुनिया समझने और खुद का उद्यम शुरू कर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की प्रेरणा मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें