हिसार। मिलगेट एरिया की विश्वकर्मा कॉलोनी में रहने वाले अजीत (30) ने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह सात बजे कमरे के अंदर चुन्नी के साथ हुक पर शव लटकता मिला। पता चलने पर परिजनों ने इस बारे में एचटीएम थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया माैत संबंधी कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अजीत मजदूरी करता था। मृतक के परिजनों ने बताया कि अजीत की तीन बेटियां हैं। वह काफी समय से सांस की बीमारी से ग्रस्त था। इस कारण वह मानसिक परेशान रहता था। रात को खाना खाने के बाद कमरे में सोने के लिए चला गया। उसकी पत्नी और तीनों बेटियां और परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरों में सो रहे थे। सुबह उसकी पत्नी अजीत को जगाने के लिए कमरे में गई तो उसने देखा कि पति ने हुक पर चुन्नी से फंदा लगा लिया। इस बारे में उसने परिजनों को बताया।
जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की मौत
हिसार। सैनियान मोहल्ला में रहने वाले सुरेंद्र (30) की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर एचटीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। मृतक के परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र मजदूरी करता था। उन्होंने बताया कि वह काफी समय से मानसिक परेशान चल रहा था। सोमवार दोपहर बाद उसने मानसिक परेशानी के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। इस कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। पता चलने पर उसे उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की एक साल की बेटी है।