बालसमंद(हिसार)। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में दाखिला के लिए पोर्टल पर विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। वजह यह कि सर्वर पिछले 10 दिनों से मेंटेनेंस पर है। दाखिला लेने के लिए पोर्टल पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 जून निर्धारित की हुई है।
एचएयू के स्नातक पाठ्यक्रमों में छह वर्षीय और चार वर्षीय बीएससी एग्रीकल्चर सहित विभिन्न कोर्स में दाखिले के लिए छह जून से पोर्टल को शुरू किया गया था। पोर्टल सात जून तक तो सही चला, लेकिन उसके बाद से शनिवार तक पोर्टल से विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। तय शेड्यूल में आवेदन न होने के कारण विद्यार्थी असमंजस में हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट 10 दिन तक अपडेट नहीं होने के कारण आवेदन करने में दिक्कत आ रही है। विद्यार्थियों का कहना है कि दाखिले के आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक आती जा रही है। 26 जून तक आवेदन नहीं कर पाने की दशा में उनका साल खराब हो सकता है।
ये हैं महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन शुरू- 6 जून।
आवेदन की अंतिम तिथि -26 जून।
फीस जमा करने की अंतिम तिथि- 27 जून शाम 5 बजे तक।
आवेदन फाॅर्म में संशोधन- 22 से 27 जून तक।
वेबसाइट पर सफल आवेदकों की सूची का प्रकाशन-28 जून।