फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: खुले में चारा डालने वालों पर होगी सख्ती, संस्थाओं को देंगे सार्वजनिक शौचालयों का जिम्मा

Wed, 15 Jan 2025 12:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। सफाई, अतिक्रमण, पार्किंग और बेसहारा पशुओं की समस्या का निस्तारण करने के लिए नगर निगम गंभीरता से कदम उठाने जा रहा है। लावारिस पशुओं की समस्या के पीछे इन्हें सार्वजनिक स्थलों पर चारा डालने वाले भी जिम्मेदार है। अब ऐसे लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं पार्कों की तरह सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव का जिम्मा मार्केट एसोसिएशन और अन्य संस्थाओं को दिए जाने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए निगम की ओर से भुगतान भी किया जाएगा।
विज्ञापन

अमर उजाला ने बाजार बेजार और स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी समाचार शृंखला चलाकर सफाई, पार्किंग, सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी, अतिक्रमण और बेसहारा पशुओं की समस्याओं को प्रमुखता से उजागर किया। इस पर संज्ञान लेकर नगर निगम प्रशासन ने इन समस्याओं के समाधान की कार्ययोजना बनाई है।
खुले में चारा डालना बेसहारा पशुओं की समस्या की अहम वजह
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि बेसहारा पशुओं की समस्या का समाधान न होने के पीछे इन्हें जगह-जगह चारा डालना भी है। इस पर रोक लगा दी जाए तो बेसहारा पशुओं की समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। इसके मद्देनजर जल्द ही खुले में चारा डालने वालों का मौके पर ही चालान काटना शुरू करेंगे। शीघ्र ही इसकी कार्ययोजना तय कर ली जाएगी।
विज्ञापन

सार्वजनिक शौचालयों को जिम्मेदारी संस्थाओं को सौंपने की तैयारी
नगर निगम शहर के सार्वजनिक शौचालयों का जिम्मा संस्थाओं व मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन को सौंपने की तैयारी कर रहा है। निगम की मानें तो संस्थाएं ठेकेदार के बजाय अच्छे ढंग से शौचालयों का रखरखाव कर सकेंगी। निगम संस्थाओं को इस कार्य के लिए भुगतान भी करेगा। फिलहाल अलग-अलग एजेंसियों को प्रति माह करीब 2.75 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है।
अतिक्रमण रोकने के लिए सुबह 11 से शाम 7 बजे तक होगी तहबाजारी टीम की ड्यूटी
बाजारों में अतिक्रमण की समस्या समाधान के लिए निगम प्रशासन ने तहबाजारी टीम की ड्यूटी सुबह 11 से शाम 7 बजे तक निर्धारित की है। इससे पहले सुबह 9 से शाम 5 बजे तक होती थी। इसके पीछे तर्क यह है कि बाजार सुबह देरी से खुलते हैं और रात को देर से बंद होते हैं। इसी को देखते हुए समय में फेरबदल किया जा रहा है। इससे तहबाजारी टीम बाजार में ज्यादा समय रहेगी। सड़कों के किनारे रेहड़ियों वालों के अतिक्रमण को देखते हुए निगम प्रशासन स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाने पर भी मंथन करेगा।
बहुमंजिली पार्किंग प्रोजेक्ट में लाई जाएगी तेजी
बाजारों खासकर राजगुरु मार्केट में पार्किंग समस्या को लेकर सिटी थाने के सामने प्रस्तावित बहुमंजिली पार्किंग प्रोजेक्ट में तेजी लाई जाएगी। फिलहाल एजेंसी इस प्रोजेक्ट का संशोधित ले आउट बनाने से मना कर रही है। एजेंसी स्पष्ट मना करती है तो इसे लेकर मुख्यालय से बातचीत की जाएगी। हालांकि शहर के अन्य हिस्सों में पार्किंग की व्यवस्था के लिए निगम के पास फिलहाल कोई योजना नहीं है।
स्वच्छ सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधारने के लिए उठाए जाएंगे कदम
स्वच्छ सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधारने के लिए भी निगम प्रशासन कुछ कदम उठाएगा। इसके तहत निगम स्वच्छता को लेकर की जाने वाली हर गतिविधि का डेटा स्वच्छता पोर्टल पर अपडेट करेगा ताकि सर्वेक्षण में निगम को अच्छे अंक मिले। लीगेसी वेस्ट का भी निस्तारण शुरू कर दिया है। इससे भी अंक बढ़ेंगे।

खुले में चारा डालने वालों का चालान काटा जाएगा। पार्कों की तरह सार्वजनिक शौचालयों को बेहतर रखरखाव के लिए संस्थाओं को दिया जाएगा। अतिक्रमण रोकने के लिए तहबाजारी टीम की ड्यूटी में बदलाव किया है। स्ट्रीट वेंडिंग जोन को सिरे चढ़ाने पर विचार विमर्श किया जाएगा। - नीरज कुमार, निगमायुक्त, हिसार।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें