फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: तूफान ने मचाई तबाही, पेड़ के नीचे दबने से युवक की मौत

विज्ञापन
रोहित बामल
विज्ञापन
बालसमंद/घिराय/हिसार। जिले में मंगलवार दोपहर आए भीषण तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। रावलवास में आंधी से बचने के लिए बरगद के पेड़ के नीचे खड़े 20 वर्षीय रोहित बामल की पेड़ गिरने से मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें विशाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। 400 से अधिक पेड़ और करीब 250 बिजली के खंभे गिर गए। कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई और यातायात भी प्रभावित रहा।
विज्ञापन

रावलवास निवासी रोहित बामल ने हाल ही में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी और कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रहा था। मंगलवार को खेत से लौटते समय वह रावलवास-मात्रश्याम मार्ग पर तेज आंधी से बचने के लिए बरगद के पेड़ के नीचे रुक गया। वहां विशाल और दो गड़रिए भी खड़े थे। इसी दौरान पूरा पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ का भारी तना रोहित की गर्दन पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने पेड़ काटकर घायलों को बाहर निकाला। रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
डेयरी उड़ी, गायें घायल, ट्रैक्टर टूटा
शाहपुर-हिंदवान मार्ग पर तेज तूफान से एक डेयरी की टीन शेड उड़ गई, जिससे करीब 15 गायें घायल हो गईं। हिंदवान, किरतान, शाहपुर, रावलवास और धीरणवास में किसानों के सोलर पैनल उखड़कर दूर जा गिरे। एक किसान का नया ट्रैक्टर पेड़ गिरने से बीच से टूट गया।
विज्ञापन

50 साल पुराना पीपल भी धराशायी
आर्य नगर-धीरणवास मार्ग पर 10 से 12 पेड़ गिर गए। रॉयल सैनिक पब्लिक स्कूल के पास करीब 50 वर्ष पुराना पीपल का विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से शाम छह बजे से रात नौ बजे तक डेढ़ से दो किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। कई बिजली पोल और लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
हांसी-बरवाला रोड पर यातायात बाधित
घिराय क्षेत्र के खरड़ अलीपुर, बुगाना, धिकताना, बाड़ो पट्टी, धांसू और सुलखनी गांवों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई। सुलखनी में पशुओं के मकान पर पेड़ गिर गया, जबकि धांसू-सुलखनी मार्ग पर लोहे की जाली गिर गई। बुगाना में पोल्ट्री फार्म की शेड धराशायी हो गई। घिराय के निकट हांसी-बरवाला रोड पर सफेदा का बड़ा पेड़ गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। तलवंडी राणा में सड़क पर बिजली का पोल गिरने से यातायात प्रभावित रहा।
33 केवी के 24 और 11 केवी के 22 फीडर ब्रेकडाउन
तूफान के कारण चिकनवास, जुगलान, लुवास, एचटीएम, सेक्टर-14, आजाद नगर, सेक्टर 9-11, सेक्टर-13, गैबीपुर, चूली बागड़ियां, मोड़ा खेड़ा, कैमरी, अग्रोहा, नंगथला, मंगाली, भिवानी रोहिल्ला और आर्य नगर सहित कई फीडर बंद हो गए। जमालपुर थुराना, मिर्चपुर, खरड़ अलीपुर, भाटला, हांसी रेलवे, लोहारी राघो, ढंढेरी, खेड़ी, उमरा, बास और मुंढाल के 33 केवी सब-स्टेशन ब्रेकडाउन हो गए। वहीं एचएयू, सेक्टर 27-28, सेक्टर 16-17, तोशाम रोड, मॉडल टाउन, स्याहड़वा, पायल, बालाजी, नंगथला, भोजराज, दुर्जनपुर, जेएवी, मिर्जापुर, टिब्बा, न्यू टिब्बा, सातरोड़, मंडी आदमपुर, सैनीपुरा, बरवाला और एचपीसीएल के 11 केवी फीडर भी प्रभावित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें