हांसी (हिसार)। एसटीएफ हिसार ने हांसी बाईपास पर एक महिला को 43.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला लखनऊ से हेरोइन लेकर आई थी। हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसटीएफ हिसार के पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम व उप पुलिस अधीक्षक प्रीतपाल के दिशा-निर्देशानुसार एसआई विवेक कुमार के नेतृत्व में गठित टीम मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए खड़ी थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक महिला लखनऊ से हेरोइन लेकर सैनीपुरा पुल के पास उतरने वाली है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सैनीपुरा पुल के पास से एक महिला को शक के आधार पर पकड़ा। राजपत्रित अधिकारी राकेश कुमार, आबकारी एवं कराधान अधिकारी की मौजूदगी में जब महिला की तलाशी ली तो उसके पास 43.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। महिला की पहचान भिवानी के जाटू लोहारी निवासी सुदेश के रूप में हुई है। 37 वर्षीय सुदेश अभी विराट नगर में डीएवी स्कूल के समीप रहती है। सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। टीम में एएसआई कृष्ण कुमार, हेड कांस्टेबल विरेंद्र सिंह, रघुवीर, विजय कुमार, सुनील कुमार, सिपाही शुभम व महिला सिपाही ममता शामिल रही।