हांसी (हिसार)। सिसाय में 12.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन दो जलघरों की जांच के लिए स्टेट विजिलेंस की टीम पहुंची। टीम ने वहां से निर्माण की जाने वाली सामग्री के सैंपल लिए। वहीं, दोनों जलघरों के वाटर टैंक व पाइप लाइन का निरीक्षण भी किया। बीते दिनों नारनौंद के विधायक ने जलघर के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया था।
टीम ने बुधवार को वहां पर सप्लाई के लिए डाली गई पाइप लाइन की चौड़ाई, गहराई व चैनल का निरीक्षण किया। जलघर के निर्माण कार्य की जांच कर सीमेंट, बजरी, सरिया व ईंट के सैंपल भी लिए गए। जनस्वास्थ्य विभाग से निर्माण से संबंधित सारा रिकॉर्ड भी लिया गया है। बता दें कि जांच के लिए टीम मंगलवार को भी पहुंची थी। बताया जा रहा है कि टीम वीरवार को फिर से जांच के लिए आ सकती है। यहां से लिए गए सैंपलों की जांच के बाद टीम फाइनल रिपोर्ट बनाएगी।
बता दें कि सिसाय बोलान व सिसाय कालीरामन में जलघरों का निर्माण कार्य बीते वर्ष से चल रहा है। बीते दिनों नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ वहां पहुंचे थे। जस्सी पेटवाड़ ने तब अधिकारियों को फटकार लगाई और एसडीओ और जेई को सस्पेंड करने की सिफारिश भी की थी। उसके बाद अब टीम जांच के लिए पहुंची है।
ग्रामीणों के अनुसार बीते एक वर्ष से गांव में जलघर का निर्माण का कार्य चल रहा है। जो टैंक बनाया गया है उसमें लीकेज है और घटिया सामग्री प्रयोग की गई है। पाइप लाइन में भी भारी लीकेज की समस्या है, जिसके कारण गांव में गंदा पानी सप्लाई होता है। इन समस्याओं को लेकर बार-बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके थे, लेकिन विभाग की तरफ से कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा था।
सिसाय में जलघर की जांच करने के लिए स्टेट विजिलेंस टीम आई हुई है। टीम वहां पर निरीक्षण कर रही है। - संजीव त्यागी, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग