हिसार आयोजन स्थल का दौरा करते उपायुक्त प्रदीप दहिया।
हिसार। महाबीर स्टेडियम में राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उपायुक्त प्रदीप दहिया ने लघु सचिवालय के जिला सभागार में 21 जून को आयोजित होने वाले 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद आयोजन स्थल महाबीर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि समारोह में लगभग 10 हजार योग साधक शिरकत करेेंगे। नागरिक घर बैठे ही इस कार्यक्रम का देख सकेंगे, इसके लिए पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण करवाया जाएगा। योग कार्यक्रम सुबह 6 बजे प्रारंभ होगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम खंड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने खंड तथा उपमंडल स्तरीय सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि तमाम तैयारियां समय रहते पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नीरज, एसीयूटी कनिका गोयल, हिसार एसडीएम जयवीर यादव, हांसी एसडीएम मोहित महराणा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. धर्मपाल पुनिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में सिखाया प्रोटोकोल
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. धर्मपाल पूनिया ने बताया कि जिला सत्र पर 15 जून तक तीन दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविरों में मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी व अन्य सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, स्काउट कैडेट, नेहरू युवा केंद्र स्टाफ एवं इच्छुक जनसाधारण को योग प्रशिक्षण प्रात: 6 बजे से 7:30 बजे तक राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय जहाजपुल हिसार में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक व आयुष योग सहायकों द्वारा दिया जा रहा है।