रेलवे द्वारा खाटू श्याम मेले के लिए दो से सात मार्च तक हिसार से रिंगस के लिए विशेष मेला रेलगाड़ी चलाई जाएगी। यह रेलगाड़ी सोमवार सुबह 7:30 बजे हिसार से रवाना होगी। पूर्व डीआरयूसीस सदस्य महावीर प्रसाद गावड़िया ने बताया कि इस विशेष रेलगाड़ी से खाटू मेला में जाने वाले हिसार, हांसी, सातरोड़, चरखी दादरी, भिवानी, कोसली व रेवाड़ी सहित अन्य क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा और वे सीधे खाटू श्याम मेले तक जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह विशेष रेलगाड़ी चलाने के लिए 19 फरवरी को मंडल प्रबंधक रेलवे बीकानेर मंडल को पत्र लिखा था। गावड़िया ने बताया कि रेलगाड़ी सोमवार से सात मार्च तक हिसार से प्रतिदिन सुबह 7:30 रवाना होकर सातरोड, हांसी, भिवानी, चरखी-दादरी, कोसली, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, नीम का थाना, कांवट, माधोपुर होते हुए दोपहर दो बजे रींगस पहुंचेगी। रींगस से वापसी में यह रेलगाड़ी शाम चार बजे चलकर रात्रि 11:15 बजे हिसार पहुंचेगी।