आइस स्केटिंग प्रतियोगिता की विजेता टीम।
हिसार। उत्तराखंड के देहरादून में हरियाणा स्केटिंग संघ की ओर से 6 और 7 जून को आयोजित राज्यस्तरीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता में सोनीपत जिले ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। गुरुग्राम जिला दूसरे स्थान पर रहकर उपविजेता बना। प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 जिलों के 100 से अधिक शीर्ष खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ शर्मा ने किया। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवा खेलों के प्रति गजब का उत्साह दिखा रहे हैं और आइस स्केटिंग जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
समापन समारोह में हरियाणा आइस स्केटिंग संघ के प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह लोहान ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है लेकिन इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का अनुभव और आत्मविश्वास बढ़ता है।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में कड़े मुकाबले हुए। स्पीड स्केटिंग में खिलाड़ियों की रफ्तार और संतुलन ने दर्शकों को रोमांचित किया। कुल अंकों के आधार पर सोनीपत प्रथम और गुरुग्राम द्वितीय रहा।
इस अवसर पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संचालन निदेशक चित्रागत सिंह, भारतीय आइस स्केटिंग संघ के सदस्य राजन भारद्वाज, हरियाणा राज्य संघ की सह सचिव सोनू सहरावत, फतेहाबाद जिला महासचिव प्रमोद कौशिक, भिवानी जिला महासचिव पंकज चौधरी, रोहतक जिला महासचिव अजीत सिंह, सोनीपत जिला महासचिव मनीष नैन, फरीदाबाद जिला महासचिव ममता सिंह और गुरुग्राम जिला कोच अजय सिंह समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।