हिसार। भाजपा नेता सोनाली फोगाट के मुंहबोले भाई कृष्णा नगर निवासी रिषभ बैनीवाल को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गनमैन के सामने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने गनमैन सिपाही महेंद्र की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ जान से मारने की धमकी और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
अर्बन एस्टेट थाना पुलिस में दी गई शिकायत में सिपाही महेंद्र ने बताया कि वह कृष्णा नगर निवासी रिषभ बैनीवाल का गनमैन तैनात है। 21 मई की रात करीब 8 बजे रिषभ के साथ गाड़ी से सेक्टर 9-11 मार्ग से होते हुए श्याम विहार जा रहे थे। रास्ते में बाइक पर सवार 3 बदमाश आए और गाड़ी के सामने बाइक लगा दी। इसके बाद बाइक के पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल दिखाते हुए गाली-गलौज की। जब महेंद्र गाड़ी से नीचे उतरे तो बाइक सवार रिषभ को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।