भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड के आरोपी सुखविंदर की जमानत याचिका पर बुधवार को गोवा की अदालत में सुनवाई हुई। आरोपी सुखविंदर को जमानत नहीं मिल पाई, अब जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 16 फरवरी को होगी।
मामले की जांच के बाद सीबीआई ने सुधीर सांगवान और सुखविंदर सिंह के खिलाफ चालान पेश किए, जिसमें 104 गवाह बनाए हैं। सीबीआई ने 2000 से भी ज्यादा पेज की चार्जशीट अदालत में पेश की है। चार्जशीट पेश करने के बाद सुखविंदर ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जमानत याचिका दायर की जिस पर बुधवार को सुनवाई हुई। सुखविंदर के अधिवक्ता ने बताया कि सुखवंत सिंह ने बताया कि आज अदालत में पेश हुए थे लेकिन, जमानत याचिका पर कोई बहस नहीं हुई।
अगस्त 2022 में हुई थी मौत
सोनाली फोगाट की 22 अगस्त 2022 की रात को गोवा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इससे पूर्व सोनाली फोगाट के पति संजय फोगाट की भी करीब साढ़े पांच साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सोनाली के परिवार का आरोप है कि सुधीर सांगवान, सोनाली की प्रॉपर्टी हड़पना चाहता था, इसलिए उसने सुखविंदर के साथ मिलकर ड्रग्स देकर सोनाली की हत्या कर दी।
सोनाली की मौत की सूचना मिलने के बाद गोवा पहुंचे उसके भाई रिंकू ने गोवा पुलिस को शिकायत देकर सुधीर सांगवान और सुखविंदर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया था। पोस्टमार्टम के दौरान सोनाली के शरीर पर चोट के कई निशान मिले। सोनाली की मौत के बाद रिजॉर्ट के कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए जिनमें सुधीर सांगवान सोनाली को बोतल के जरिये कुछ पिलाता नजर आया और उसके बाद ही सोनाली की तबीयत बिगड़ गई थी।