रजत पदक विजेता हिसार की टीम पदक और ट्रॉफी के साथ। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। रोहतक के चमारिया रोड स्थित क्रिकेट ग्राउंड पर दो दिवसीय 17वीं हरियाणा राज्य सीनियर सॉफ्टबाल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। लड़कों के वर्ग में रोहतक प्रथम व हिसार की टीम द्वितीय रही। वहीं, लड़कियों के वर्ग में रोहतक प्रथम, झज्जर द्वितीय और फरीदाबाद तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता में हिसार की टीम ने पहले मैच में कैथल को 2-1 और दूसरे मैच में कुरुक्षेत्र को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का किया। वहीं सेमीफाइनल में फरीदाबाद को 12-5 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला रोहतक के साथ हुआ। इस मुकाबले में हिसार टीम को 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। टीम ने रजत पदक हासिल किया। हिसार टीम में सभी 16 खिलाड़ी कैमरी गांव के शामिल रहे।
हरियाणा सॉफ्टबाल संघ के जनरल सेक्रेटरी सतबीर सैनी बताया कि प्रतियोगिता के समापन अवसर पर हरियाणा ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर पहुंचे और विजेता टीम को पदक व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर चंद्रमोहन, नवीन, सोमबीर, रोहित, सुखबीर, प्रवीण, शशि, रमेश आदि मौजूद रहे।