हिसार। मैं मोहल्ला सातरोड खास की निवासी हूं। मेरी उम्र 15 साल है। मेरी माता ममता गृहिणी हैं। मेरे पिता किशन युवावस्था में पहलवान थे। वे कुश्ती करते थे। अब वे स्थानीय स्टील फैक्टरी में कार्यरत हैं। उन्होंने ही मुझे खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया।
हम चार भाई-बहन हैं। दीदी मंजीता, बहन चेतना और भाई करन भी मुझे खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करते हैं। मैं पिछले पांच साल से नियमित रूप से अभ्यास कर रही हूं। मैं मोहल्ले में ही स्थित राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (जीजीएसएसएस) की 11वीं कक्षा में पढ़ती हूं। इसी मैदान में सुभाष चंद्रा फाउंडेशन (एससीएफ) की हैंडबाल खेल नर्सरी भी संचालित है।
इसी माध्यम से हमारे प्रशिक्षक सतबीर पानू और सुमन जाखड़ हमें प्रशिक्षण देते हैं। हमारी नर्सरी में 25 छात्राओं को खेल विभाग की ओर से खुराक भत्ता भी दिया जाता है। खेल विभाग और एससीएफ के प्रतिनिधि हर साल कई बार हमारी गतिविधियों का निरीक्षण कर आवश्यक संसाधन और सुझाव उपलब्ध कराते हैं जिसका लाभ सभी खेलप्रेमियों को मिलता है।
इसी प्रकार के सहयोगात्मक माहौल में सभी खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलती है। इसी कारण मैं प्रदेश स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में वर्ष 2023 में कैथल में कांस्य और वर्ष 2024 में हिसार में स्वर्ण पदक जीत चुकी हूं। इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य के महासमुंद में वर्ष 2024 में आयोजित राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीता।
(जैसा कि सातरोड खास निवासी हैंडबाल खिलाड़ी भाविका)
भाविका की उपलब्धियां :
कैथल में वर्ष 2023 में आयोजित प्रदेश स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता।
हिसार में वर्ष 2024 में आयोजित प्रदेश स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता।
छत्तीसगढ़ राज्य के महासमुंद में वर्ष 2024 में आयोजित राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता।