आवारा कुत्तों के बधियाकरण व टीकाकरण के कार्य का निरीक्षण करते अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हु
हिसार। शहर में आवारा कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 167 कुत्तों का बधियाकरण व टीकाकरण कर उन्हें उनके मूल स्थानों पर छोड़ा जा चुका है। वहीं 75 कुत्तों को और पकड़ा गया है, जिनका जल्द ऑपरेशन किया जाएगा। सोमवार को अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने बधियाकरण व टीकाकरण कार्य का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. हुड्डा ने बताया कि एजेंसी द्वारा यह कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है और अब तक सभी ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूर्ण हुए हैं। उन्होंने कहा कि निगम का लक्ष्य शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
चिकित्सकों की देखरेख में रखे जाते हैं कुत्ते : निरीक्षण के दौरान एजेंसी प्रतिनिधियों ने बताया कि बधियाकरण व टीकाकरण के बाद कुत्तों को तीन से चार दिन तक पशु चिकित्सकों की देखरेख में रखा जाता है, ताकि किसी भी प्रकार की जटिलता न हो। इस दौरान खाने-पीने और देखभाल की पूरी व्यवस्था की जाती है। रिकवरी अवधि के बाद कुत्तों को उसी स्थान पर छोड़ा जा रहा है, जहां से उन्हें पकड़ा गया था।
कार्य में आएगी तेजी : एजेंसी के अनुसार फिलहाल प्रति दिन 25 से 30 कुत्तों का पकड़ा जाना और उतने ही कुत्तों का बधियाकरण व टीकाकरण किया जा रहा है। अब कुत्तों को रखने के लिए अधिक पिंजरे लगाए जा रहे हैं, जिससे यह संख्या बढ़कर 50 से 60 प्रतिदिन तक पहुंच जाएगी।
इसके लिए पशु चिकित्सकों की टीम भी बढ़ाई जाएगी। नगर निगम ने एजेंसी को कुल 5 हजार कुत्तों का बधियाकरण व टीकाकरण छह माह में पूरा करने का लक्ष्य दिया है। निगम द्वारा इसके लिए एजेंसी को प्रति कुत्ता 1400 रुपये की दर से भुगतान किया जाएगा।