हिसार। डिप्टी सीएम की कोठी के करीब 300 मीटर दूर भाजपा निगरानी समिति के लोकसभा अध्यक्ष मनदीप मलिक से बदमाश नकदी व मोबाइल छीन ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार करीब 8800 रुपये छीने गए हैं।
जानकारी के अनुसार भाजपा निगरानी समिति के लोकसभा अध्यक्ष मनदीप मलिक अर्बन एस्टेट दो में रहते हैं। शनिवार आधी रात बाद करीब 2 से 2:30 बजे के बीच वह अपने पेट्रोल पंप से घर लौट रहे थे। वह दिल्ली रोड से पैदल टहलते हुए घर की ओर जा रहे थे। वह अर्बन एस्टेट के सामुदायिक भवन के करीब से अपने घर की ओर निकले तो एक युवक ने उन्हें आवाज दी। मनदीप मलिक ने बताया कि उन्हें लगा कि कोई जानकार होगा यह सोचकर वह पीछे की ओर मुड़े। इसी बीच युवक ने तेजी से उनकी कमीज की ऊपर वाली जेब से पैसे व मोबाइल निकाल लिया। मनदीप मलिक ने बताया कि युवक मौके से फरार होने लगा तो उन्होंने उसे रोकने के लिए मुक्का मारा। पैसे छीनने वाला एक बार लड़खड़ाने के बाद मौके से भाग गया। मनदीप मलिक ने बताया कि उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी है। फिलहाल उनकी ड्यूटी ऐलनाबाद उपचुनाव में लगी है। बता दें जिस एरिया में पैसे व मोबाइल छीना गया वह डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के आवास से महज 300 मीटर दूर है।