कहते हैं कि जब माता-पिता की दुआएं और समाज की संवेदनाएं एक साथ जुड़ जाएं, तो कुदरत को भी अपने फैसले बदलने पड़ते हैं। हिसार के दो साल के नन्हे युवांश के साथ कुछ ऐसा ही चमत्कार हुआ है। दुनिया की सबसे दुर्लभ और जानलेवा बीमारियों में शुमार स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) टाइप-1 से जूझ रहे इस मासूम ने जिंदगी की सबसे कठिन जंग जीत ली है। अमेरिका से 9 करोड़ 62 लाख रुपये में मंगवाए गए संजीवनी रूपी जीवनरक्षक इंजेक्शन ने युवांश की मुरझाती सांसों में फिर से जान फूंक दी है। पीजीआई चंडीगढ़ में इंजेक्शन लगने के बाद अब नन्हे युवांश के शरीर में सुधार दिखने लगा है और उसकी गर्दन, हाथों व पैरों में फिर से हलचल शुरू हो गई है। अब उसकी नियमित फिजियोथैरेपी हो रही है।
बता दें कि, युवांश को बचाने के लिए इम्पैक्ट गुरु फंड राइजिंग ग्रुप की ओर से फंड इकट्ठा करने की मुहिम चलाई गई थी। मुहिम में पुलिस कर्मचारियों, राजनेताओं, कलाकारों, दूसरे विभागों के कर्मचारियों और आमजन ने लगातार सहयोग किया। इसके बाद 9 करोड़ 62 लाख रुपये एकत्रित किए जा सके।
युवांश के पिता राजेश कुमार फतेहाबाद पुलिस में सिपाही के पद पर जबकि मां किरण खाद्य एवं पूर्ति विभाग में लिपिक पद पर कार्यरत हैं। राजेश कुमार ने बताया कि सितंबर महीने में युवांश को पीजीआई चंडीगढ़ में इंजेक्शन लगाया गया था। इसके बाद उसे लगातार निगरानी में रखा गया। अब उसकी हैदराबाद से विशेषज्ञ की ऑनलाइन निगरानी में फिजियोथैरेपी हो रही है। राजेश के मुताबिक दो साल की उम्र से पहले युवांश को यह इंजेक्शन लगना जरूरी था। इस 9 अक्तूबर को युवांश दो साल का हो चुका है।
ऐसे पता चला था बेटे की बीमारी का
राजेश ने बताया कि उसकी शादी 23 अप्रैल 2023 को हिसार जिले के ही बरवाला क्षेत्र के गांव संदलाना की किरण के साथ हुई थी। 9 अक्टूबर 2024 को बेटा हुआ, जिसका नाम युवांश रखा। युवांश जब दो महीने का हुआ तो वह सामान्य बच्चों की तरह एक्टिविटी नहीं कर रहा था। उन्होंने हिसार में हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाया। डॉक्टर ने कहा कि थोड़ा देरी से विकास होगा। दो-तीन महीने और बीते तो बेटे की छाती में आवाज आने लगी।
फिर दूसरे डॉक्टर को दिखाया तो कुछ इम्प्रूवमेंट हुई। एक हफ्ते तक अस्पताल में भी रखा। इससे और इम्प्रूवमेंट हुई। मगर जब दोबारा डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने पीजीआई या एम्स में दिखाने की सलाह दी। इसके बाद मई 2025 में हिसार के अन्य प्राइवेट अस्पताल में दिखाया तो डॉक्टर ने एसएमए टेस्ट करवाया। 18 मई को टेस्ट की रिपोर्ट में स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी टाइप-1 बीमारी मिली। डॉक्टर ने सुझाव दिया कि चंडीगढ़ पीजीआई या एम्स में ट्रीटमेंट शुरू करवाओ। राजेश ने बताया कि रीढ़ की हड्डी में न्यूरांस बनते हैं। इन न्यूरांस से ही सेल बनते हैं, जो शरीर की ग्रोथ करते हैं। एसएमए बीमारी होने पर न्यूरांस नहीं बनते हैं। न्यूरांस नहीं बनने पर शरीर ग्रोथ नहीं करता है। शरीर सूख जाता है।
पिता ने नहीं हारी हिम्मत, लगातार करते रहे प्रयास
बेटे युवांश को बचाने के लिए पिता राजेश ने हिम्मत नहीं हारी और हरसंभव प्रयास किए। राजेश अपने पुलिस विभाग के आला अधिकारियों से लेकर राजनेताओं, कलाकारों, सामाजिक संगठनों से मिलता रहा। जिससे हर जगह से उन्हें कुछ आर्थिक सहयोग मिलता रहा। प्रदेश के कई जिलों के पुलिस कर्मचारियों ने अपना एक दिन का वेतन देकर मदद की। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने 20 लाख, निकाय मंत्री विपुल गोयल ने 9 लाख, सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने 5 लाख, पयर्टन मंत्री राव नरबीर सिंह ने 5 लाख, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने 5 लाख, पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा और खेल मंत्री गौरव गौतम ने 2-2 लाख रुपये की ग्रांट दी। राज्यपाल कार्यालय की ओर से 5 लाख और पूर्व मंत्री एवं हिसार की विधायक सावित्री जिंदल द्वारा भी 5 लाख रुपये की मदद की गई है। युवांश की मां किरण के विभाग ने भी योगदान दिया।