फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: छह युवाओं की अर्थियां उठीं, सिसकियों से गूंजा इलाका

विज्ञापन
नारनौंद क्षेत्र के गांव राखीगढ़ी के श्मशान घाट में एक साथ जलतीं तीन चिताएं और अंतिम संस्कार में - फोटो : 1
विज्ञापन
नारनौंद। राखी खास (गढ़ी) और मोठ करनैल गांव में मंगलवार को गम और मातम का ऐसा मंजर था कि हर आंख नम नजर आई। पांच घरों से एक साथ छह युवाओं की अर्थियां उठीं तो पूरा इलाका सिसकियों से गूंज उठा।
विज्ञापन

हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए निकले छह दोस्तों की सोमवार को मुजफ्फरनगर में हुए हादसे में मौत हो गई थी। मंगलवार को जब युवकों के शवों का अंतिम संस्कार हुआ तो परिजनों ही नहीं ग्रामीणों और आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों की आंखों से आंसू छलक रहे थे।

सोमवार रात करीब एक बजे मृतकों के शव गांव पहुंचे थे। रात होने के कारण इन्हें गांव के बाहर खेतों में रखा गया। मंगलवार सुबह करीब सात बजे शव अंतिम दर्शन के लिए घर लाए गए। इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
विज्ञापन


बड़े भाई ने कांपते हाथों और पथराई आंखों से चिता को दी मुखाग्नि

राखी गढ़ी में साहिल, अंकित मलिक, अंकित और राहुल उर्फ डेनी का अंतिम संस्कार किया गया। दो सगे भाइयों अंकित और राहुल उर्फ डेनी की एक साथ अर्थी उठी। संजय ने कांपते हाथों और पथराईं आंखों से अपने दोनों छोटे भाइयों को एक ही चिता पर मुखाग्नि दी। अंकित मलिक को उसके छोटे भाई सोमवीर ने और साहिल को उसके बड़े भाई गोलू ने मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। बुजुर्गों और ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार गांव से एक साथ चार युवकों की अर्थियां उठते देखी हैं।

मोठ करनैल में दो दोस्तों को दी अंतिम विदाई

मोठ करनैल गांव में अमन और अजय का अंतिम संस्कार किया गया। अमन को उसके भाई अजय ने जबकि अजय को उसके भाई सुनील ने मुखाग्नि दी। अजय के पिता शमशेर की करीब 12 साल पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार का सहारा बनने की ओर बढ़ रहे अजय की मौत ने परिजनों को बेसहारा कर दिया।



बेटा सो रहा था, कौन और क्यों लेकर गया...

राखीगढ़ी निवासी अंकित मलिक की मां सरोज, बहन शिवानी, पिता राजेश और बुआ शीला को अब भी बेटे की मौत पर विश्वास नहीं हो रहा। हादसे की सूचना मिलने के बाद भी परिवार को यकीन नहीं था कि अंकित हादसे का शिकार हुआ है। परिजनों के मुताबिक वह मकान के बाहर बनी बैठक में सोया हुआ था। रात को दोस्तों के साथ कब निकल गया इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह उसे जगाने पहुंचे तो वह वहां नहीं मिला। मां सरोज बार-बार बेसुध होकर यही कह रही थीं कि उनका बेटा तो घर पर सो रहा था फिर उसे वहां कौन और क्यों लेकर गया।

दो कमाऊ बेटों को खोकर बेसहारा हुआ परिवार :

राहुल उर्फ डैनी और उसके छोटे भाई अंकित की मौत से परिवार का सहारा छिन गया। दोनों भाई परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। मां सुनेहरी और बहनों मनीषा व मीना का रो-रोकर बुरा हाल था। मां बार-बार कह रही थीं कि हमेशा बताकर जाने वाला बेटा इस बार बिना बताए क्यों चला गया। अनिल मलिक उर्फ शीलू ने बताया कि राहुल और अंकित घर से अपने कपड़े भी लेकर गए थे। दोनों ने बड़े भाई संजय से घूमने जाने की बात कही थी। रात अधिक होने के कारण संजय ने उन्हें मना कर दिया था इसके बावजूद दोनों चोरी-छिपे घर से निकल गए।

परिवार का सहारा बनना चाहता था साहिल, बेसहारा कर गया

साहिल के घर में मंगलवार को मातम पसरा रहा। मां उषा और बहनें मीनाक्षी, मनीषा व शीतल अर्थी से लिपटकर बिलखती रहीं। बहनें भाई की अर्थी पकड़कर उसे रोकने की कोशिश करती रहीं। साहिल पिछले कुछ वर्षों से गुरुग्राम में गाड़ी चलाकर परिवार का सहारा बनने के लिए मेहनत कर रहा था। परिवार ने उससे कई उम्मीदें संजो रखी थीं लेकिन हादसे ने सब कुछ छीन लिया।

अमन और अजय के परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल

मोठ करनैल निवासी अमन और अजय का भी मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार किया गया। दोनों 12वीं पास थे और आगे की पढ़ाई के साथ सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। परिवार की आर्थिक मदद के लिए मजदूरी भी करते थे। दोनों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल था।

कार में आग लगने से गई थी जान :

सोमवार सुबह सभी छह दोस्त कार से हरिद्वार जा रहे थे। मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर जग्गाहेड़ी के पास कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई। कार में आग लगने से सभी युवक अंदर फंस गए। पुलिस और दमकल टीम ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सबकी जान जा चुकी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें