हिसार। गांव सातरोड कलां में मंगलवार दोपहर हादसे में छह वर्षीय बच्ची खुशी की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।
जांच अधिकारी दिनेश ने बताया कि मृतका के पिता प्रदीप निजी स्कूल में शिक्षक हैं। उनकी बेटी खुशी एलकेजी कक्षा में पढ़ती थी। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद खुशी पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान सड़क पर एक ट्रैक्टर के सामने अचानक एक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे पास से गुजर रही खुशी ट्रैक्टर की चपेट में आ गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कीटनाशक के प्रभाव से किशोरी की मौत
हिसार। गांव शाहपुर में कीटनाशक के प्रभाव में आने से तबीयत बिगड़ने पर 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि चार दिन पहले 24 अक्तूबर को किशोरी परी अपने घर में भैंस को चीचड़ मारने की दवा लगा रही थी। कीटनाशक के प्रभाव में आने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे निजी कॉलेज में भर्ती कराया। सोमवार को उपचार के दौरान परी की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले किया है। संवाद
रेलवे लाइन के पास पोल पर चढ़ा व्यक्ति झुलसा, हालत बनी गंभीर
हिसार। हिसार-बरवाला रेल मार्ग पर गांव धान्सू के पास मंगलवार को एक व्यक्ति रेलवे के बिजली के खंभे पर जा चढ़ गया। बिजली का करंट लगने से वह झुलस कर नीचे गिर गया। घायल हालत में उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रैफर कर दिया। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि उकलाना मंडी निवासी रामचंद्र धान्सू में रेलवे लाइन के पास लगे हाई वोल्टेज के बिजली के खंभे पर चढ़ गया। वह करंट लगने से झुलसा गया और नीचे गिरकर घायल हो गया। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी घायल के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। संवाद