हिसार। मॉडल टाउन क्षेत्र की दयानंद कॉलोनी में बुधवार रात करीब सवा नौ बजे शिव मंदिर के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो बाइकों पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से दंपती और उनकी 13 वर्षीय भतीजी घायल हो गए।
वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से तीन खोल बरामद हुए हैं। पुलिस प्रवक्ता मदन लाल ने बताया कि मामले में तीन लोगों को राउंडअप किया गया है। घटनास्थल से तीन खोल बरामद किए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
सेक्टर-13 निवासी गौतम ने बताया कि उनका भांजा सागर, सुमित, शुभम और उनके दोस्त हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। रवाना होने से पहले दयानंद कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में पूजा का कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें उनका पूरा परिवार और अन्य कांवड़ियों के परिजन भी मौजूद थे।
इसी दौरान दो बाइक वहां से गुजरीं। कुछ दूरी पर पहुंचते ही बाइक सवार युवकों ने लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से उनके भाई गोविंद की पीठ में गोली लगी जबकि गोविंद की पत्नी निशा की बाजू में गोली आर-पार हो गई। इसके अलावा उनकी 13 वर्षीय बेटी (भतीजी) गुन्नू की छाती पर छर्रा लगा। तीनों घायलों को तुरंत जिंदल अस्पताल पहुंचाया गया।
नशा बेचने का आरोप
गौतम ने आरोप लगाया कि हमलावरों में मुकेशर, राहुल और ननकू शामिल हैं जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और सुल्फा समेत अन्य नशीले पदार्थ बेचते हैं। उन्होंने कहा कि फायरिंग किसे निशाना बनाकर की गई इसकी जानकारी नहीं है। चूंकि मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर किस पर हमला करने आए थे। आशंका है कि इलाके में दहशत फैलाने या अपनी धाक जमाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई।
गोली लगते ही पत्नी ने मचाई चीख
घायल गोविंद ने बताया कि वह अपनी पत्नी, दो बच्चों, मां, भाई की पत्नी और उसकी तीन बेटियों के साथ मंदिर में मौजूद था। अचानक पीठ पर जोरदार वार जैसा महसूस हुआ। पीछे मुड़कर देखा तो एक बाइक और एक स्कूटी जाती दिखाई दी। बाइक पर तीन और स्कूटी पर एक युवक सवार था। तभी उसकी पत्नी निशा चीख पड़ी और उसका हाथ पकड़ लिया। निशा की बाजू से खून बह रहा था। इसी दौरान उसकी भतीजी गुन्नू की छाती पर भी छर्रा लगा। इसके बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों को पास में रहने वाले एक दोस्त के घर छोड़ा और पत्नी व भतीजी को लेकर जिंदल अस्पताल पहुंचा। गुन्नू छठी कक्षा की छात्रा है।