अग्रोहा लैब और एनआरसीई लैब से वीरवार को आई रिपोर्ट में सैनियान मोहल्ले के दंपती सहित छह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें दंपती सहित तीन संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री दिल्ली और एक की उत्तर प्रदेश की मिली है। संक्रमित मिले दो लोग अन्य जिलों के रहने वाले हैं तो उनकी गिनती जिले में नहीं होगी। इस लिहाज से अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या का आंकड़ा 249 से बढ़कर 253 पर जा पहुंचा है।
विभाग ने सभी संक्रमित मरीजों को एंबुलेंस के जरिये कोविड-19 केयर सेंटर में रेफर कर दिया है। विभाग की तरफ से डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल और नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा अपनी टीम के साथ इन संक्रमित के संपर्क में आए परिजनों और लोगों की हिस्ट्री जुटा रहे हैं।
संक्रमित मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री
- शहर की अनाज मंडी एरिया निवासी 27 वर्षीय संक्रमित युवक 27 जून को दिल्ली से अपने घर लौटा था।
- संक्रमित मिले सैनियान मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय महिला व 27 वर्षीय उसका पति 23 जून को दिल्ली से लौटे थे।
- शहर के मॉडल निवासी 29 वर्षीय संक्रमित युवक 23 जून को गोरखधाम एक्सप्रेस के जरिये उत्तर प्रदेश के गोंडा शहर से हिसार लौटा था।
330 सैंपल की रिपोर्ट आई निगेटिव
जिला अस्पताल की तरफ से कोविड-19 दोनों लैब में भेजे गए सैंपल में से अग्रोहा लैब से 50 और एनआरसीई लैब से 280 सैंपल की रिपोर्ट वीरवार देर शाम निगेटिव आई है और करीब 20 लोगों की रिपोर्ट अंडर प्रोसेस रखी गई है।
यहां से लिए सैंपल
डॉ. रवि चौहान और एलटी राकेश कुमार की टीम ने चार सैंपल राजीव नगर, तीन सैंपल मॉडल टाउन और तीन लोगों के सैंपल सेक्टर 9-11 से लिए। डॉ. पुलकित बिमल और एलटी अमित कुमार की टीम ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी वासी संक्रमित युवक की नौकरानी के संपर्क में आए 37 लोगों के सैंपल लिए। इनमें एक चाय वाला भी शामिल है, जो संक्रमित नौकरानी के संपर्क में आया है और आसपास के बैंकों में चाय बेचता है। डॉ. मनीष पचार और एलटी दिनेश कुमार की टीम ने 32 लोगों के सैंपल लिए। डॉ. रवि की टीम ने रामनगर निवासी संक्रमित के संपर्क में आए 34 लोगों के सैंपल लिए। उधर, ट्राइएज में जांच के दौरान संदिग्ध मिले करीब 100 लोगों के लोगों के सैंपल लिए गए।
इमरजेंसी वार्ड में मास्क पहनने को लेकर मरीज ने स्टाफ नर्स, डॉक्टर के साथ की बहस
जिला नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में वीरवार को एक मरीज ने मास्क पहनने को लेकर वार्ड में तैनात नर्स स्टाफ सहित डॉक्टरों के साथ बदतमीजी की। विभाग ने इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लिया, लेकिन व्यक्ति द्वारा माफी मांग लेने के कारण पुलिस द्वारा उसे छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार व्यक्ति इमरजेंसी वार्ड में ओपीडी स्लिप कटवाने आया था। स्टाफ नर्स ने व्यक्ति को मास्क पहनने या मुंह पर कपड़ा लगाने को कहा तो वह इस बात पर भड़क उठा।
60 साल से अधिक उम्र के सात व्यक्ति, 10 साल से कम के नौ बच्चे हरा चुके कोरोना को
सिविल सर्जन डॉ. रत्ना भारती के अनुसार जिले में अब तक 178 व्यक्ति कोरोना से मुक्त हो चुके हैं। केवल जवान व्यक्ति ही नहीं, बुजुर्ग व बच्चे भी लगातार कोरोना को हराकर स्वस्थ हो रहे हैं। जिले में अब तक 60 वर्ष से अधिक आयु के सात व्यक्ति कोरोना को मात देकर अस्पताल से घर जा चुके हैं, जिनमें दो महिलाएं व पांच पुरुष शामिल हैं। इसी तरह कोरोना को हराने वालों में 10 वर्ष से कम आयु के नौ बच्चे शामिल हैं। स्वस्थ होने वालों में 125 पुरुष, जबकि शेष महिलाएं हैं।
अनलॉक-2 में सिनेमा, जिम व स्वीमिंग जैसी गतिविधियों पर जारी रहेगा प्रतिबंध : डीसी
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार कोरोना संक्रमण पर रोक के उद्देश्य से अनलॉक-2 की अवधि के दौरान सिनेमा हॉल, जिम, स्वीमिंग पूल व शैक्षणिक संस्थानों के खुलने पर 31 जुलाई तक प्रतिबंध जारी रहेगा। अनलॉक-2 की अवधि के दौरान कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी भी प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं रहेगी। केंद्र व राज्य सरकारों के प्रशिक्षण संस्थान 15 जुलाई से खोले जाएंगे, जिसके लिए मंत्रालय द्वारा एसओपी जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य के भीतर व अन्य राज्यों में व्यक्तियों व सामान की आवाजाही को पूरी तरह से मुक्त कर दिया गया है। इसके लिए अलग से किसी प्रकार की अनुमति या पास लेने की अनिवार्यता नहीं रहेगी।
सैनी स्वीट्स संचालक का बेटा, कारीगर की संक्रमित की गलत सूचना फैलाने पर केस
शहर में सोशल मीडिया के जरिये सैनी स्वीट संचालक का बेटा और कई कारीगर कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना मिलने पर वीरवार को विभाग को काफी परेशानी उठानी पड़ी, क्योंकि जब विभाग की टीम मामले की जानकारी के लिए मौके पर पहुंची तो पता चला कि यह केवल अफवाह है। इससे विभाग द्वारा कोविड-19 के चलते अफवाह फैलाने या लोगों में भय का वातावरण पैदा करने पर सैनी स्वीट्स संचालक और उसके बेटे की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया गया है।
निजी अस्पताल में दाखिल ऑटो चालक की रिपोर्ट पॉजिटिव
शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल 49 वर्षीय ऑटो ड्राइवर की रिपोर्ट वीरवार देर शाम कोरोना पॉजिटिव आई है, जो दिल्ली का निवासी है और कुछ दिन पहले ही अपने परिजनों के साथ दिल्ली से हिसार लौटा था। विभाग के अनुसार इन सभी को महाराजा अग्रसेन भवन में क्वारंटीन किया गया है। यह भी जानकारी मिली है कि शहर से कुछ दूर स्थित पीरांवाली गांव में आए हुए थे। विभाग इस केस के बारे में जानकारी जुटाने में लगा है कि यह हिसार में जुड़ेगा या बाहर।