विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले हिसार के दीपक भौरिया और भिवानी की जैस्मिन लंबोरिया समेत प्रदेश के छह मुक्केबाज विश्व क्वालीफाइंग मुक्केबाजी में अपने मुक्के का दम दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम से 9 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से पांच पुरुषों समेत हरियाणा के छह खिलाड़ी शामिल हैं।
भिवानी के साई कोच कुलदीप ने बताया कि समग्र मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद चयनित भारतीय टीम में पांच पुरुष और एक महिला समेत छह हरियाणवी मुक्केबाज शामिल हैं। इनमें विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता हिसार के दीपक भौरिया (51 किग्रा), वर्ष 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैस्मिन लंबोरिया (60 किग्रा), करनाल के निशांत देव (71 किग्रा), पिछले राष्ट्रीय चैंपियन दादरी जिले के लक्ष्य चाहर (80 किग्रा), हिसार के नरेंद्र बेरवाल (82 किलो) से अधिक और रोहतक के संजीत कुमार (92 किग्रा) शामिल हैं।
इस विश्व क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट में 50 ओलंपिक कोटा दांव पर लगे होंगे जिसमें महिला वर्ग में 22 कोटा हैं। इसके बाद बैंकॉक में 23 मई से तीन जून तक होने वाले दूसरे विश्व क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट के जरिए 45 से 51 मुक्केबाज पेरिस खेलों के लिए क्वालीफाई कर पाएंगे।
परिजनों को उम्मीद, ओलंपिक टिकट पक्का करेगी जैस्मिन
भिवानी निवासी जैस्मिन लंबोरिया का चयन भी इटली में प्रस्तावित विश्व ओलंपिक क्वालीफाई टूर्नामेंट के लिए हुआ है। उनके चाचा संदीप लंबोरिया ने बताया कि 60 किलोग्राम भार वर्ग की महिला मुक्केबाजी मुकाबले के लिए जैस्मिन फिलहाल पटियाला के शिविर में बेहतर तैयारी कर रहीं है। वहां वह करीब दस दिन और खेल अभ्यास करेंगी। उन्हें पूरी उम्मीद है कि जैस्मिन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर पदक जीतेंगी।
संजीत ने बड़े भाई से बॉक्सिंग सीखी, अब ओलंपिक कोटा पाने के लिए कर रहे संघर्ष
रोहतक के रिटौली निवासी संजीत ने बताया कि पहली बार ओलंपिक में जगह बनाने का मौका मिला है। इटली में होने वाले इस मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन के साथ टिकट पक्का करने का सपना है। ओलंपिक में देश के पदक लाकर अपने परिवार व गांव का नाम रोशन करना है। बड़े भाई संजीव की मेहनत सफल करनी है। पिछले 12 वर्ष से बाॅक्सिंग कर रहा हूं।
अभी मैं पटियाला के शिविर में अभ्यास कर रहा हूं। 13 फरवरी को मोंटेनीग्रो देश में जाएंगे। यहां दो सप्ताह तक प्रशिक्षण मिलेगा। इटली में चार से 11 मार्च तक प्रथम विश्व क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है। उसकी तैयारी में लगा हुआ हूं। इसलिए वहां से इटली जाएंगे। उम्मीद है कि टूर्नामेंट में जीत कर ओलंपिक के लिए टिकट पक्का करूंगा। अब मेरा फोकस ओलंपिक पर रहेगा। इसके लिए और भी कड़ी मेहनत करूंगा।
- बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल।