हांसी में श्री श्याम महोत्सव के दौरान कलश यात्रा निकालतीं महिलाएं।
हांसी। श्री श्याम मंदिर के 54वें श्री श्याम महोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को कलश यात्रा निकाली गई। सुबह से हो रही लगातार तेज बारिश के बावजूद श्याम भक्तों ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। श्याम भक्तों का उत्साह और आस्था बारिश पर भी भारी पड़ गई।
कलश यात्रा में 1100 से अधिक महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। बारिश के बावजूद जय श्री श्याम के जयकारे लगाते हुए महिलाएं यात्रा में आगे बढ़ती रहीं। कलश यात्रा का एक विशेष आकर्षण यह रहा कि सभी महिलाएं एक ही रंग की साड़ियों में सुसज्जित नजर आईं। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया।
श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया की 54वें श्री श्याम महोत्सव के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। 14 जून को अखंड ज्योत प्रज्वलित करने के साथ ही 54वें श्री श्याम महोत्सव का शुभारंभ हो गया था। बुधवार सुबह निशान यात्रा निकाली जाएगी। 18 जून को शहर में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जाएगी।
यात्रा में इस्कॉन बहादुरगढ़, रोहतक और हिसार के भक्त हरिराम नगर संकीर्तन करेंगे। 19 जून को श्री श्याम रथ सवारी निकलेगी। रथ सवारी के दौरान मंदिर प्रांगण से तोरणद्वार तक भव्य इलेक्ट्रिक आतिशबाजी की जाएगी व 20 जून को पीसीएसडी स्कूल के प्रांगण में विशाल श्री श्याम जागरण का आयोजन किया जाएगा।
जागरण में कोलकाता से सौरभ शर्मा, जयपुर से रजनी राजस्थानी व अभिषेक नामा और दिल्ली से श्रेष्ठ दीक्षित बाबा का गुणगान करेंगे। वहीं 21 जून को आयोजित एक शाम सांवरे के नाम में निकुंज कामरा भक्तों को अपने गीतों से सराबोर करेंगी।