हिसार। नगर निगम आयुक्त सी जयाश्रद्धा के निर्देशों के बावजूद अपने क्षेत्रों के हाजिरी शेडों की स्थिति और रिक्शा-रेहड़ियों की उपलब्धता की रिपोर्ट नहीं सौंपने पर सभी सात सहायक सफाई निरीक्षकों (एएसआई) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
सफाई निरीक्षक ने आयुक्त के निर्देश पर नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला 27 अक्तूबर को हुई नगर निगम हाउस की बैठक के बाद सामने आया था। बैठक में पार्षदों ने सफाई कर्मचारियों की हाजिरी के लिए बनाए गए शेडों में शराब पीने, नशाखोरी और अनैतिक गतिविधियां होने का मुद्दा उठाया था। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों के पास रिक्शा-रेहड़ियों की कमी का मामला भी उठाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त सी जयाश्रद्धा ने 30 अक्तूबर को सभी एएसआई को अपने-अपने क्षेत्रों के हाजिरी शेडों की स्थिति और रिक्शा-रेहड़ियों की उपलब्धता की रिपोर्ट तत्काल सौंपने के निर्देश दिए थे। हालांकि, चार दिन बीतने के बाद भी किसी एएसआई ने रिपोर्ट नहीं सौंपी। इसे अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और लापरवाही मानते हुए सभी को नोटिस जारी किए गए हैं।
सात एएसआई के पास 20 वार्डों की निगरानी
स्वच्छता शाखा की ओर से सात सहायक सफाई निरीक्षकों को शहर के 20 वार्डों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें किसी एएसआई के पास दो तो किसी के पास चार वार्डों का जिम्मा है।