फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकार कृषि कानून तुरंत रद्द कर : प्रो. जगमोहन सिंह

विज्ञापन
रामायण टोल प्लाजा पर किसानों को संबोधित करते शहीद भगत सिंह के भानजे प्रो. जगमोहन सिंह। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। शहीद भगत सिंह के भानजे प्रोफेसर जगमोहन सिंह सोमवार को रामायण, चौधरीवास और बाडोपट्टी टोल पर किसानों के धरने पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की मांगो को लेकर तुरंत वार्ता कर मान लेना चाहिए और तीनों कानूनों को रद्द करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे पहले हुई 12वें दौर की बातचीत की तरह इस बार की बातचीत निष्फल नहीं होगी। किसानों ने 4 फरवरी को रामायण टोल पर महापंचायत करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 4 फरवरी हिसार की जाट धर्मशाला में किसान सभा के जिला प्रधान शमशेर सिंह नंबरदार की अध्यक्षता में सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक होगी, जिसमें आगामी निर्णय लिया जाएगा।
विज्ञापन

जाति, धर्म व क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर लड़ाई लड़ने की जरूरत: जगमोहन
बाडोपट्टी टोल पर सोमवार को किसान संघर्ष समिति का धरना 39वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता बुजुर्ग किसान राजमल बिचपड़ी व राजु भगत सरसौद ने की। संचालन किसान सभा के जिला संयुक्त सचिव दयानंद ढुकिया ने किया। दोपहर बाद धरनास्थल पर शहीदे आजम भगत सिंह के भानजे प्रो. जगमोहन पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह किसान आंदोलन अन्न पैदा करने वाले और खाने वाले दोनों का है। ऐसे में जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर मेहनतकश जनता को मिलकर यह लड़ाई लड़ने की जरूरत है।
4 फरवरी को रामायण टोल पर होगी किसानों की महापंचायत
हांसी (संवाद)। धरनारत किसानों ने 4 फरवरी को रामायण टोल पर महापंचायत करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी देते हुए किसान सेल के जिलाध्यक्ष कुलदीप खरड़ ने बताया कि महापंचायत में विधायक सोमबीर सांगवान व पूर्व विधायक अवतार भड़ाना सहित अन्य किसान नेता पहुंचेंगे, जिसमें आगामी निर्णय लिया जाएगा। सोमवार को टोल पर शहीद भगत सिंह के भानजे प्रो. जगमोहन ने किसानों केे संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब मंजिल दूर नहीं, क्योंकि अब अपने घरों से निकलकर महिला शक्ति ने प्रदर्शन की कमान संभाल ली है।
विज्ञापन

चौधरीवास टोल पर धरना जारी
सिवानी मंडी। चौधरीवास टोल पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 39वें दिन सोमवार को भी धरना व टोल फ्री अभियान जारी रहा। धरने की अध्यक्षता राम सिंह भारी व प्रताप सिंह बुडाक ने की। भिवानी रोहिल्ला गांव से बैलगाड़ियों पर तिरंगा लगाकर किसान धरना स्थल पर पहुंचे। शहीद ए आजम भगत सिंह के भानजे प्रो. जगमोहन सिंह भी किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनके नाना सरदार अजीत सिंह ने 1907 में अंग्रेज सरकार के विरुद्ध पगड़ी संभाल जट्टा आंदोलन किया था। लड़ाई कितनी ही लंबी क्यों न हो जीत किसानों की ही होगी।
सतरोल खाप के चारों तपो पर धरने हुए शुरू
नारनौंद। किसान आंदोलन के समर्थन में सोमवार को सतरोल खाप के अंतर्गत आने वाले चारों तपों पर धरने शुरू कर दिए हैं। फूलकुमार पेटवाड़ ने बताया कि खाप में आने वाले नारनौंद तपे का धरना माजरा प्याऊ पर, पेटवाड़ तपे का धरना जींद-भिवानी रोड स्थित खांडाखेड़ी बस स्टैंड पर, उगालन तपे का धरना जींद भिवानी-रोड स्थित उगालन बस स्टैंड और बास तपे का धरना बास नगरपालिका के बस स्टैंड पर शुरू किए गए हैं। धरना हर रोज सुबह 9 बजे से 5 बजे तक दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन फरवरी को कंडेला में होने वाली सर्व खाप महापंचायत में राकेश टिकैत भाग लेंगे। इसमें सतरोल खाप के हर गांव से लोग कंडेला पहुंचेंगे।
मिर्चपुर के किसान परिवार को दी दो लाख की सहायता राशि
नारनौंद (संवाद)। किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसान परिवारों की आर्थिक मदद के लिए कांग्रेस विधायक दल की ओर से रविवार को गांव मिर्चपुर के किसान की पत्नी सुनीता को दो लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। रोहतक से विधायक भारत भूषण बतरा आंदोलन में जान गंवाने वाले जोगेंद्र ढांडा के घर पर पहुंचे और शोक जताया। इसके बाद उनकी पत्नी को दो लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। विधायक बतरा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व मेें सभी कांग्रेस विधायकों ने मिलकर यह फैसला लिया था कि विधायक दल के निजी कोष से शहीद किसानों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इस मौके पर कांग्रेस नेता धर्मबीर गोयत, जस्सी पेटवाड़, सरपंच सत्यवान उर्फ सत्तू, मीरा मिर्चपुर, जितेंद्र उर्फ काला, मनीष, सुरेश कुमार, उदयबीर, मास्टर महेंद्र, बलराज, भीर सिंह, गोगल व बल्ली आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें