भिवानी। क्षेत्र निवासी एक महिला ने पति पर हनीमून के लिए केरल ले जाकर होटल में जबरन ड्रग्स देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना में केस दर्ज किया है।
कोंट रोड क्षेत्र निवासी महिला ने औद्योगिक पुलिस थाने में रिपोर्ट दी कि उसकी शादी पांच अप्रैल 2017 को पानीपत के बरातघर में हुई थी। मां ने शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। महिला का आरोप है कि पति नशा करता है। इसलिए जब वे हनीमून के लिए केरल गए तो वहां एक होटल में उसे जबरन ड्रग्स देकर अनचाहे दिनों में भी जबरदस्ती संबंध बनाए। उसे बेल्ट से पीटा। होटल के स्टाफ ने उसकी जान बचाकर इलाज भी कराया। इसके बाद भी उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। औद्योगिक थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की धाराओं में केस दर्ज किया है।
पत्नी की प्रताड़ना से परेशान व्यक्ति ने लगाई राहत की गुहार
भिवानी। पत्नी की मानसिक प्रताड़ना से निजात दिलाने की मांग करते हुए गांव दिनोद निवासी जयभगवान ने सीएम विंडो में शिकायत दी है। जयभगवान ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी 17 फरवरी 2018 में झज्जर जिला के एक गांव में हुई थी। उसकी पत्नी शादी के मात्र पांच दिन तक उनके घर रुकी थी। बाद में बिना कुछ बताए वह अपनी बुआ के घर से चली गई, क्योंकि वह बचपन से ही वहां रहती थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके व उसके परिवार की ओर से उसे मनाने का काफी प्रयास किया गया और इस मामले में कई बार पंचायतें भी हुईं, ताकि उसकी पत्नी को घर वापस लाया जा सके। लेकिन उसकी पत्नी और उसके माता-पिता इस बात के लिए राजी नहीं हुए। उसने बताया कि इन सब सेे तंग आकर उसने चार वर्षों बाद अक्तूबर 2022 में भिवानी कोर्ट में तलाक का केस दायर किया जो अब भी विचाराधीन है।
उसकी पत्नी व उसके परिजन तलाक की कार्रवाई को भी आगे नहीं बढ़ने देते। इसके चलते वह काफी परेशान है। उसने बताया कि कोर्ट की कार्रवाई आगे बढ़वाने की मांग के लिए उसने पांच बार सीएम विंडो में शिकायत भी दर्ज करवाई है। लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका। जयभगवान ने इस मामले को जल्द सुलझाने की मांग की है।