हिसार। शहर के सेक्टर 16-17 में सोमवार को हुई महज 20 मिनट की बारिश ने सीवर व्यवस्था की पोल खोल दी। कई मैनहोल उफनने से गंदा पानी सड़कों पर फैल गया जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मकान नंबर 1365-बी और 1391 के पास स्थित सीवर मैनहोल से बारिश रुकने के एक घंटे बाद तक पानी निकलता रहा। इससे सीवर लाइन में रुकावट या जल निकासी व्यवस्था में गंभीर तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है। शहर के अन्य चौराहों पर भी इसी तरह की समस्या देखने को मिली।
सेक्टर 16-17 निवासी डॉ. एके छाबड़ा ने मामले पर चिंता जताते हुए हरियाणा शहरी विकास निगम, जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम से समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।