जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल बस अड्डे के पास सीवरेज ब्लॉक की समस्या का मुआयना करने पहुंच गए। यहां सीवरेज को लेकर अधिकारियों ने मंत्री से कहा कि यह प्राइवेट सीवर के कारण पानी ओवरफ्लो हुआ है।
डॉ. बनवारी लाल रविवार रात को ही हिसार पहुंच गए थे। सोमवार सुबह उन्हें अमर उजाला में समाचार पढ़कर समस्या को मौके पर जाने का फैसला लिया। मंत्री के शहर में होने की जानकारी मिलते ही विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। सुबह के समय ही सीवर साफ करा दिया। मंत्री कुछ देर बाद ही भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अरुण दत्त के साथ मौके पर पहुंच गए। मंत्री जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक काफी हद तक पानी निकल गया था। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मौके पर बताया कि कल ही मामला सामने आने पर उसे तुरंत हल कर दिया था। मंत्री ने आगे से इस तरह के मामले में तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। मंत्री ने कुछ दूर आगे जाकर देखा सड़क पर पानी फैला हुआ था। अधिकारियों ने कहा कि साहब! यह पानी तो दुकानदारों ने गिराया है। सीवर का पानी नहीं है। इस पर निगम कार्रवाई कर सकता है। मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा दुकानदारों को इस तरह सड़क पर पानी न फैलाने के लिए कहें। नहरबंदी के कारण पेयजल किल्लत के सवाल पर मंत्री बनवारी लाल ने कहा कि जल्द ही नहर दोबारा से शुरू होगी। पानी की किल्लत को दूर कर दिया जाएगा। जहां ज्यादा दिक्कत होगी, वहां टैंकर से भी पानी भेज देंगे। सीवरेज या पेयजल के बारे में पब्लिक हेल्थ के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत दे सकते हैं।