हांसी। नगर परिषद कार्यालय में आयोजित दो दिवसीय सेवा सेतु कैंप में नागरिकों को विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की राष्ट्रीय सलाहकार एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. नेहा धवन ने सोमवार को कैंप का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की स्टॉलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों को दी जा रही सेवाओं, प्राप्त शिकायतों और उनके समाधान की जानकारी ली।
धवन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य जनसेवा एवं जनभागीदारी के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु कैंप’ नागरिकों के लिए प्रभावी एकल सेवा केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। ऐसे कैंपों से नागरिकों का समय बचता है और सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से पात्र लोगों तक पहुंचता है।
डीएमसी एवं अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में आयोजित कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी एक ही स्थान पर मौजूद रहकर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र नागरिकों के आवेदन करवाने और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। इस दौरान ईओ राजेंद्र सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इन सेवाओं का मिल रहा लाभ
कैंप में परिवार पहचान पत्र में संशोधन, नए आवेदन, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वरोजगार, रेहड़ी-पटरी संचालकों के ऋण, कृषि एवं संबद्ध सेवाओं, आयुष और सौर ऊर्जा संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। आयुष विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं। सौर ऊर्जा विभाग द्वारा घरों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सोलर पैनल लगाने की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। डेयरी, मत्स्य पालन और अन्य स्वरोजगार योजनाओं के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।