हिसार। कैमरी मार्ग स्थित किराना स्टोर संचालक नरेंद्र कुमार से चिट्ठी भेजकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रुपये न देने पर बेटी का अपहरण कर हत्या करने की बात लिखी है। इस संबंध में आजाद नगर थाना पुलिस ने संदीप नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में फतेहाबाद के हसंगा गांव हाल कैमरी मार्ग पर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा के आवास के पास रहने वाले नरेंद्र ने बताया कि उसकी श्रीबाला जी किराना स्टोर के नाम से दुकान है। 20 दिसंबर दोपहर करीब एक बजे पड़ोसी दुकानदार आशीष को दुकान की देखरेख करने की बात कह घर पर खाना खाने गया था। इस दौरान संदीप नामक युवक दुकान पर आया और उसने 9 किलोग्राम देशी घी और अन्य सामान खरीदा। सामान का 5860 रुपये का बिल हुआ। उसने दुुकानदार को गूगल पे करने की बात कही और चला गया, लेकिन यह राशि उसके खाते में नहीं आई। मंगलवार सुबह जब दुकान खोली तो एक पत्र मिला। उस पर लिखा हुआ था मैं, 5860 रुपये का सामान लेकर गया था, अब रुपये नहीं देता बल्कि मुझे दस लाख रुपये चाहिए। रुपये नहीं दिए तो तेरी बेटी का अपहरण कर उसकी हत्या कर दूंगा। एसआई रमेश कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर संदीप नामक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।