हिसार। नागरिक अस्पताल में दवा लेने आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए अब ज्यादा समय लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। उनके लिए अस्पताल परिसर में अलग से काउंटर बनाया गया है। नए काउंटर से वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिलेगी। पुरानी दवा क्लीनिक में यह काउंटर बनाया गया है। बुजुर्ग भीड़ होने के कारण घंटों लाइन में खड़े रहते थे।
अस्पताल परिसर में मुख्य द्वारा के पास ही ओपीडी की पर्ची कटवाने के लिए काउंटर बने हुए हैं। इन्हीं काउंटरों पर दवा लेने आने वाले मरीजों की पर्चियां कटती हैं। यहां वरिष्ठ नागरिक घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी पर्ची कटवाते थे। उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार तो जब उनका नंबर आने पर ओपीडी की पर्ची कटनी बंद हो जाती। ऐसे में बिना दवा लिए ही उन्हें वापस घर लौटना पड़ता था। वरिष्ठ नागरिकों की परेशानी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनके लिए अलग से काउंटर बनाया है। अब उन्हें परेशानी उठानी पड़ेगी और जल्द पर्ची कट जाएगी।
पुराने दवा क्लीनिक में बनाया काउंटर
वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पताल परिसर में पुराने दवा क्लीनिक में अलग से एक काउंटर बनाया गया है। एक कर्मचारी की नियुक्ति की हुई है। यहां पर वरिष्ठ नागरिकों को ओपीडी की पर्ची कटवाने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी, क्योंकि यहां पर सिर्फ वरिष्ठ नागरिकों की ओपीडी की पर्ची कटेगी।