हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में न्यू मिलेनिया एग्रीकल्चर नॉवल ट्रेंड्स एंड फयूचर सिनेरियो विषय पर चल रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त वैज्ञानिकों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। समापन समारोह में एचएयू के कुलपति प्रो. केपी सिंह मुख्य अतिथि थे, जबकि पोलैंड के तकनीकी एवं जीव विज्ञान विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. हबिंज जैक व साउथ कोरिया के प्रो. डू सुन किम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस सम्मेलन में 25 से अधिक देशों के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिकों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।
इस मौके पर कुलपति ने बताया कि सम्मेलन में कृषि क्षेत्र की उन्नति के लिए भविष्य में नए आयाम जैसे कि नैनो तकनीक आधारित मॉनीटरिंग, नैनो फर्टिलाइजर, नैनो पेस्टीसाइड, डाटा माइनिंग, मार्केट आधारित कृषि उत्पादन, मार्केट लिंकेज, अधिक ऊर्जा वाली फसलों संबंधी शोध, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन, अन्न भंडारण की नई तकनीक, कृषि ज्ञान के प्रचार प्रसार की आधुनिक तकनीकों व समेकित कृषि प्रणाली की महत्ता पर बल दिया।
उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय पार्टनर्स को साथ लेकर काम करने का आह्वान किया व विदेशी प्रतिनिधियों को विश्वविद्यालय के साथ मिलकर उत्कृष्ट कृषि शोध कार्य करने के लिए गैप फिलिंग प्रोजेक्ट के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करने की पेशकश की। प्रो. हबिंज जैक ने कहा कि भविष्य में कृषि क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने के लिए व कृषि वैज्ञानिकों में अभिनव सोच बनाने के लिए यह सम्मेलन मील का पत्थर साबित होगा।
प्रो. डू सुन किम ने बदलती जलवायु व किसानों की वर्तमान तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय को अपनी शोध योजना तैयार करने बारे प्रेरित किया। समापन समारोह में हुए प्लेनरी सेशन के दौरान विभिन्न प्रस्तुत किए गए शोध पत्रों व भविष्य की शोध पर मंथन किया गया।
यह रहे पोस्टर प्रतियोगिता के परिणाम
कृषि महाविद्यालय में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में एचएयू के डॉ. उपेंद्र कुमार, डॉ. वीएस पंघाल, सरिता देवी, डॉ. टोडरमल पूनिया, केके कुंडू, एमडीयू की अनीता रानी सहरावत, हरात विश्वविद्यालय के अहमद शाह मोहमदी, पंजाब विश्वविद्यालय की डॉ. किरण सरोह को बेस्ट पोस्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। गृह विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में पीयू लुधियाना की सुजाता कुमारी, एचएयू की डॉ. पूनम कुंडू व एमसी कंबोज, पीयू लुधियाना की लाइमायून जोगिता, पंत नगर की हिमानी जोशी, एचएयू की तनवी बंसल को बेस्ट पोस्टर अवार्ड से सम्मानित किया गया। एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में डॉ. एचएयू के अनिल पंघाल, डॉ. यादविका, डॉ. शिखा महता, इंजी. प्रमोद शर्मा, एनडीआरआई करनाल के कमलेश कुमार आचार्य, एचएयू के इंजी. स्वप्निल चौधरी, इंजी. विनोद कुमार को बेस्ट पोस्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं बेसिक साइंस कॉलेज में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में सीआईआरबी की डॉ. वरीज नैय्यर, एचएयू की जयंती टोकस, सोनम आंतिल, को बेस्ट पोस्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।