हिसार। विधायक सावित्री जिंदल मंगलवार को विधानसभा में सेक्टर 33 में सब स्टेशन निर्माण के लिए जमीन ट्रांसफर का मुद्दा उठाया। बिजली मंत्री अनिल विज ने जवाब देते हुए कहा कि एक माह में जमीन ट्रांसफर हो जाएगी और जल्द ही सब स्टेशन का निर्माण भी शुरू कर दिया जाएगा।
सेक्टर 33 में 33 केवी सब स्टेशन के लिए करीब 2.16 एकड़ जमीन आरक्षित है। इस पर जमीन सब स्टेशन के निर्माण के लिए बिजली निगम ने एचएसवीपी से जमीन देने के मांग की थी। मगर एचएसवीपी ने इस जमीन की एवज में बिजली निगम से करीब 16.42 करोड़ रुपये की मांग की तो बिजली निगम ने एचएसवीपी को यह जमीन निशुल्क देने को कहा।
इस पर एचएसवीपी ने तर्क दिया कि विभाग ने अपनी पॉलिसी में बदलाव किया है जिसके तहत ये रुपये मांगे जा रहे हैं। दोनों विभागों की इस खींचतान के कारण जमीन ट्रांसफर का मामला अटका हुआ था जिस वजह से सब स्टेशन का निर्माण भी नहीं हो पा रहा था।
-
गर्मी के मौसम में गहराता है बिजली संकट
वर्तमान में सेक्टर-14 पार्ट टू व 33 को सेक्टर 14 के सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जा रही है। मगर गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने पर इस सब स्टेशन पर लोड बढ़ जाता है जिस वजह से सेक्टरवासियों को बिजली कटों का सामना करना पड़ता है। चूंकि दोनों सेक्टरों में तेजी से निर्माण कार्य हो रहा है तो आने वाले समय में सेक्टर को सब स्टेशन की सख्त जरूरत पड़ेगी।
ये है दोनों सेक्टरों की स्थिति
सेक्टर-33 में कुल 2300 प्लॉट हैं, जिनमें से अभी तक करीब एक हजार प्लॉट पर निर्माण हो चुका है। वहीं सेक्टर 14 पार्ट टू में करीब 1500 प्लॉट हैं, जिनमें से करीब 500 पर निर्माण कार्य हो चुका है।
विधायक ने ये मुद्दे भी उठाए
विधानसभा में विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि हिसार का टीबी अस्पताल जर्जर अवस्था में है जिस पर तुरंत ध्यान देकर दुरुस्त कराया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों जैसे ऑटो मार्केट, सैनियान मोहल्ला, विवेक नगर, मिल गेट, कृष्णा नगर, अर्बन इस्टेट, इण्डस्ट्रियल एरिया में सीवरेज जाम की समस्या अत्यंत गंभीर हो गई है। महावीर स्टेडियम में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। विधायक ने कहा कि नहरबंदी के समय शहर में पेयजल संकट और बढ़ जाता है। इस समस्या का स्थायी समाधान केवल नए वाटर वर्क्स बनाकर ही संभव है। साथ ही स्वीकृत कॉलोनियों से सटे 47 टुकड़ों को वैध करने की स्वीकृति भी जल्द कराई जाए ताकि पूरे क्षेत्र का विकास बाधित न हो। उन्होंने ट्रैफिक जाम की समस्या को भी बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि सिविल अस्पताल से रेड स्क्वेयर मार्केट तक एलिवेटेड रोड का निर्माण समय की मांग है। उन्होंने पार्किंग की भारी समस्या को देखते हुए उन्होंने सिटी थाना पार्किंग योजना को भी तत्काल मंजूरी देने की अपील की।
-
आरडब्ल्यूए काफी समय से इस मांग को उठा रही थी। पिछले दिनों विधायक सावित्री जिंदल को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था। इस सब स्टेशन के बनने से सेक्टर 14 पार्ट टू व 33 को काफी फायदा होगा।
प्रवीण सिंघल, संरक्षक, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 14 पार्ट टू।
आदमपुर विधायक ने महाराजा अग्रसेन नागरिक अस्पताल के लिए मांगा नया भवन
माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक चंद्रप्रकाश ने मंगलवार को हिसार के महाराजा अग्रसेन नागरिक अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई जाएं। इसके लिए नए अस्पताल के निर्माण की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि सरकार अग्रोहा स्थित अग्रसेन मेडिकल कॉलेज में कैंसर इंस्टीट्यूट के प्रपोजल को मंजूरी प्रदान करे। सीएचसी सीसवाल, पीएचसी बालसमंद, डोभी, न्योली, चूली आदि में भी पर्याप्त स्टाफ दिया जाए। बालसमंद व आर्यनगर की पंचायत विकास कार्यों के लिए कई एकड़ भूमि देने के लिए सहमत है। सरकार को यहां पर आईआईटी के निर्माण एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
खराब फसलों के लिए 50 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार
आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि बारिश से बर्बाद फसलों, खाल की मरम्मत, सडक़ों को नेशनल हाइवे से जोड़ने एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बारिश से बर्बाद फसलों के लिए सरकार कम से कम प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा किसानों को प्रदान करना चाहिए। हिसार-घग्गर मल्टीपल ड्रेन के किनारों को पक्का करने की भी नितांत आवश्यकता है। आदमपुर हलके की कई सडक़ों का अभी निर्माण होना है। इसलिए हिसार-बालसमंद-भादरा रोड एवं बरवाला- अग्रोहा-आदमपुर-भादरा रोड को नेशनल हाईवे से जोड़ना चाहिए।