हांसी। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने रक्षा मंत्रालय में नौकरी लगवाने के नाम पर 11.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रेवाड़ी के गांव मुंधालिया निवासी नवल के रूप में हुई है।
सहायक उप निरीक्षक जयपाल ने बताया कि आरोपी नवल ने गत वर्ष अपने दोस्त के साथ मिलकर प्रेम नगर निवासी देवेंद्र से उसे रक्षा मंत्रालय में नौकरी लगवाने के नाम पर 11.10 लाख रुपये धोखाधड़ी से बैंक खाते में डलवाए थे। पुलिस ने इस अभियोग में एक आरोपी जींद के उदयपुर निवासी अशोक को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।
आरोपी नवल को न्यायालय में पेश करके न्यायालय के आदेशानुसार 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
सामान्य सेवा केंद्र के संचालक से धोखाधड़ी के मामले में आरोपी गिरफ्तार : साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मंडी सैनियान में सामान्य सेवा केंद्र संचालक से 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हनुमान कॉलोनी निवासी दीपक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
थाना साइबर क्राइम में तैनात एएसआई रामबिलास ने बताया कि बोघा राम कॉलोनी निवासी राकेश का सामान्य सेवा केंद्र है। वहां पर उसका भतीजा रोहित भी बैठता है। 18 सितंबर को रोहित वहां बैठा था इस दौरान हनुमान कॉलोनी निवासी दीपक वहां आया। उसने 30 हजार रुपये नकद मांगे। उसने रोहित को कहा कि वह यह राशि उनके खाते में ट्रांसफर कर देगा।
वह उससे 30 हजार रुपये नकद लेकर चला गया लेकिन खाते में रुपये ट्रांसफर नहीं किए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।