हिसार। गांव लाडवा के विनोद जांगड़ा की घर में घुसकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी साहिल को वीरवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर हत्या में इस्तेमाल हथियार व अन्य सामान की बरामदगी के लिए चार दिन के रिमांड पर लिया है। सदर थाना पुलिस इस मामले में पहले गांव भगाना निवासी आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस को अभी तीन और आरोपियों की तलाश है।
पुलिस ने 15 अगस्त को मृतक की मां राजबाला की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। उसने पुलिस को दी रिपोर्टर में बताया था कि उसका छोटा बेटा विनोद गांव के बस अड्डे पर मोबाइल की दुकान चलाता था। 14 अगस्त की रात वह पोते के साथ अंदर वाले कमरे में सो रही थी, जबकि विनोद आंगन में चारपाई पर सो रहा था। रात करीब पौने दो बजे बेटे के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी तो वह बाहर आई। आंगन में विनोद लहूलुहान पड़ा था। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन 15 अगस्त की शाम उसकी मौत हो गई। राजबाला ने कहा था कि उसका बड़ा बेटा सुभाष करीब डेढ़ महीने पहले गांव के एक व्यक्ति की पत्नी को ले गया था। इसके बाद से वह उससे रंजिश रखे हुए था। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पांच लोग दीवार फांदकर घर में घुसते दिखाई दिए। थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। उससे इस मामले में नामजद अन्य आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया जाएगा।