सिरसा। दुष्कर्म मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए शिव चौक क्षेत्र में दबिश देने गई महिला थाना पुलिस टीम के साथ हाथापाई की गई। इस दौरान पड़ोसियों ने आरोपी को वहां से भगा दिया। महिला थाना पुलिस ने शहर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी है। शहर थाना पुलिस ने मामले की शिकायत के आधार पर दुष्कर्म के आरोपी सन्नी, पुलिस को रोकने का प्रयास करने वाला नरेंद्र, उसकी पत्नी और एक अन्य महिला के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करने की धारा लगाकर मामला दर्ज किया।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में एएसआई सुशील ने बताया कि एएसआई मंजू बाला, हेड कांस्टेबल कविता, एचजीएच मनदीप व हरपाल सरकारी गाड़ी से एक दुष्कर्म मामले के आरोपी शिव चौक निवासी सन्नी के घर पर दबिश देने के लिए पहुंचे। इस दौरान पूछताछ की प्रक्रिया शुरू की गई। ऐसे में आसपास पड़ोस के लोग व महिलाएं घर से बाहर आ गए और उनके साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी नरेंद्र कुमार, मनोज कुमार और उसकी पत्नी ने पुलिस के साथ हाथापाई की ओर कर्मचारियों के बाल व वर्दी पकड़कर धक्का मुक्की भी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान नरेंद्र कुमार ने दुष्कर्म आरोपी सन्नी को भी मौके से भगा दिया। वहीं दूसरी तरफ शिव चौक निवासी परिवार के सदस्यों ने पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों को नकारा है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की है।
-------
वर्जन
महिला पुलिस के साथ हाथापाई करने, सरकारी काम में बाधा डालने और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में तीन नामजद सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अमित बैनीवाल, शहर थाना प्रभारी, सिरसा ।