एनएच 52 पर स्कॉर्पियो गाड़ी में लगी आग को बुझाते फायर ब्रिगेड कर्मी ।
हिसार। हिसार–चंडीगढ़ नेशनल हाईवे 52 पर शुक्रवार दोपहर गांव तलवंडी राणा के पास एक स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। कुछ ही सेकंड में उठी तेज लपटों और धुएं को देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए। गाड़ी में उस समय केवल चालक मौजूद था, जो धुआं उठते ही समय रहते बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई।
गांव तलवंडी राणा निवासी सुनील ने अपने दोस्त से स्कॉर्पियो उधार ली थी। सुनील ने बताया कि वह शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे गाड़ी लेकर हिसार की ओर आ रहा था। गांव से करीब एक किलोमीटर दूरी पर पहुंचते ही गाड़ी के एसी वाले हिस्से से धुआं अंदर आने लगा। बोनट के पास से धुआं उठता देख उसने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी।
सुनील जैसे ही बोनट खोलकर जांच कर रहा था, अंदर से जोरदार फटने की आवाज आई। आवाज सुनते ही वह पीछे हट गया और कुछ ही क्षण में स्कॉर्पियो में तेज धमाके के साथ आग फैल गई। सुनील ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर सूचना दी।
कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सुनील ने बताया कि स्कॉर्पियो करीब पांच साल पुरानी थी और वह खेती-बाड़ी व पशुपालन का काम करता है।