हिसार डिवाइडर पर चढ़ी डीपीएस की बस ।
हिसार। मिलगेट रोड पर जिंदल पार्क के समीप शुक्रवार दोपहर बाद दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस अनियंत्रित होकर खंभे को तोड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। स्कूल बस में सवार चालक-परिचालक सहित तीन शिक्षक मौजूद थे। स्कूल बस का हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। गनीमत रही कि बस में विद्यार्थी नहीं थे।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस शिक्षकों को छोड़ने के लिए मिल गेट की तरफ जा रही थी। अचानक सामने से एक स्कूटी आ गई। स्कूटी चालक को बचाने के लिए बस चालक ने वाहन को तेजी से मोड़ लिया। बस अनियंत्रित होकर खंभे से टकराते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने चालक व शिक्षकों से बातचीत की। लोगों की मदद से बस को डिवाइडर से नीचे उतारा। मौके पर क्रेन को बुलाया गया।
मामला मेरे संज्ञान में है। हमारी स्कूल की बस के आगे स्कूटी आ गई थी, जिसे बचाने के चक्कर में चालक ने बस को दूसरी तरफ मोड़ लिया। बस के अंदर कोई विद्यार्थी नहीं था। मैंने बस चालक व परिचालक को सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं। - मंजू सुधाकर, प्राचार्य, दिल्ली पब्लिक स्कूल, हिसार
मुझे जानकारी नहीं थी, लेकिन अगर ऐसा है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। - सतीश कुमार, आरटीए, इंस्पेक्टर, हिसार