Lok Sabha Elections 2024: अमर उजाला का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ आज हिसार पहुंचा। युवा मतदाताओं से उनके मुद्दों को जानने के लिए टीम गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पहुंची। इस दौरान युवाओं ने बेरोजगारी के मुद्दे को उठाया।
अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' बुधवार को हरियाणा के हिसार लोकसभा क्षेत्र में पहुंचा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हिसार लोकसभा क्षेत्र में लोगों से चाय पर चर्चा की गई। इसके बाद टीम ने जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पहुंच कर युवाओं के मुद्दों को जाना। हिसार लोकसभा सीट से भाजपा ने रणजीत चौटाला, कांग्रेस ने जयप्रकाश उर्फ जेपी, जननायक जनता पार्टी ने नैना चौटाला तो इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से सुनैना चौटाला को मैदान में उतरा है।
जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एक मतदाता ने पीएम मोदी के भाषणों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की भाषण में मुद्दों की बात नहीं होती, वह हमेशा धर्म को लेकर बात करते हैं, कहा कि मोदी मुसलमानों को टारगेट करने में लगे हैं। वहीं, एक मतदाता ने महंगाई के मुद्दे को सरकार को घेरा। इस दौरान युवा मतदाताओं ने चुनावी चंदा पर भी सरकार पर सवाल उठाए।