सतलोक आश्रम प्रकरण से जुड़े देशद्रोह के एक मामले में आश्रम संचालक रामपाल की सोमवार को वीसी से हाजिरी लगी। इस मामले में दो अन्य भी अदालत में पेश हुए, जबकि 836 से ज्यादा अन्य आरोपियों को विशेष जांच के बाद अदालत में पेश किया गया। इसके अलावा दो सरकारी लोगों की गवाहियां भी हुईं। देशद्रोह, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने सहित कई अन्य आरोपों से जुड़े मामले में सेंट्रल जेल नंबर-1 में लगी अदालत में सोमवार को रामपाल सेंट्रल जेल नंबर-2 से वीसी के जरिये अदालत में पेश हुआ। इस मामले के दो अन्य आरोपी अदालत में पेश हुए। यह मामला बरवाला थाने में अभियोग नंबर-428 के तहत दर्ज है। मामले की सुनवाई के दौरान एक सरकारी डॉक्टर रमेश और एक सब इंस्पेक्टर धर्मपाल की गवाही दर्ज की गई। इस मामले में अदालत ने अब सुनवाई के लिए 14 अक्तूबर की तारीख तय की है।
शहर को फिर घेरा रामपाल समर्थकों ने
मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा ने सोमवार को शहर में प्रवेश किया, इसके बावजूद रामपाल के सैकड़ों समर्थकों ने एक बार फिर शहर को घेर लिया और पुलिस सीएम की आगमन की तैयारियों में लगी रही। पेशी के चलते रामपाल के समर्थकों ने क्रांतिमान पार्क को पूरी तरह घेर लिया, जिससे उसमें पैर रखने तक की जगह नहीं थी। इसके अलावा समर्थक ओल्ड कोर्ट कॉम्प्लेक्स मैदान, सेंट्रल जेल नंबर-1, डाबड़ा चौक पुल के नीचे रेलवे लाइन, टाउन पार्क आदि स्थानों पर सुबह से ही डेरा जमाए बैठे रहे। पेशी के बाद वे देर शाम तक ही शह से रवाना हुए। रामपाल की पेशी के समय हर बार रामपाल के समर्थकों की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन पुलिस बेबस नजर आती है। इनसे शहरवासी इतने तंग आ चुके हैं कि क्रांतिमान पार्क, टाउन पार्क, बैंक कॉलोनी, सेक्टर-13 आदि स्थानों के लोगों ने अपने घरों से निकलना तक बंद कर दिया है।