बरवाला सीएचसी में सबसे अधिक 1418 तो सीएचसी मिर्चपुर में सबसे कम 4 मरीजों में मिली खून की ज्यादा कमी
हिसार। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 21 से 28 फरवरी तक एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान चलाया। इस दौरान नागरिक अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में आने वाले मरीजों के खून की जांच की गई। एक सप्ताह के दौरान टीमों ने 18301 लोगों के सैंपल जांचे, इनमें से 6644 लोगों में खून की ज्यादा कमी मिली। विभाग द्वारा चिह्नित मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है। बरवाला सीएचसी में सबसे अधिक 1418 और सीएचसी मिर्चपुर में सबसे कम 4 मरीजों में खून की ज्यादा कमी पाई गई। वर्ष 2022 के आंकड़ों पर नजर डालें तो अप्रैल से दिसंबर तक 45765 लोगों की जांच की गई, जिसमें से 17833 लोगों में सामान्य से कम खून की कमी मिली थी।
लोगों को किया जागरूक
डिप्टी सीएमओ डॉ. तरुण सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनीमिया मुक्त हरियाणा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले मरीजों के अलावा सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर भी खून की जांच की गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को जागरूक किया गया। उन्हें बताया कि कि इस प्रकार शरीर के अंदर खून की कमी को पूरा किया जा सकता है। पोष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए और समय पर खून की जांच करवानी चाहिए। अभियान के तहत लोगों को आयरन की गोलियां दीं गई। खून की कमी से ग्रस्त एनीमिक रोगियों की पहचान और उपचार के लिए हर तीसरे महीने साप्ताहिक अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि शरीर में खून की कमी का कारण पेट में कीड़े, बाहर का खाना, असंतुलित आहर, समय पर उपचार न करवाना आदि कारण है।
सैंपल जांच का आंकड़ा
कुल सामान्य थोड़ा कम ज्यादा कम गंभीर
18301 7757 3381 6644 519