हिसार। बिहार के पटना में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में साई की बॉक्सर ईवा यादव और सानिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब दोनों बेटियां मंगलवार को सेमीफाइनल में भिड़ेगी। दोनों बॉक्सर साई में कोच अमरजीत सिंह के पास प्रशिक्षण ले रही हैं। सोमवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 60 किलोग्राम भारवर्ग में ईवा ने अरूणाचल प्रदेश की बॉक्सर को 5-0 से हराया।
वहीं, सानिया ने महाराष्ट्र की बॉक्सर को 5-0 से हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। मंगलवार को सेमीफाइनल में ईवा हरियाणा के हिसार की बॉक्सर विनी मलिक और सानिया 70 किलोग्राम भारवर्ग में दिल्ली की अकांक्षा के साथ भिड़ेंगी। ईवा मूलरूप से रेवाड़ी की रहने वाली है। एक माह पहले ही उसने साई में बॉक्सिंग शुरू की थी। ईवा बताती हैं कि साई से पहले वह रेवाड़ी के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में अभ्यास करती थी। साई में ट्रायल में एक माह पहले ही उसका चयन हुआ है। उनके पिता मुकेश आर्मी से सेवानिवृत्त हैं। पिता के कहने पर वह चार साल पहले रिंग में उतरी थीं।
साई में तीन साल से प्रशिक्षण ले रही सानिया
बॉक्सर सानिया तीन साल से साई में प्रशिक्षण ले रही हैं। वह मूलरूप से गांव सीसवाल की रहने वाली हैं। सानिया नेशनल चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुकी हैं। वहीं, इस गेम्स में साई की बॉक्सर मेघा को भी जाना था। मगर कुछ दिन पहले हुई चैंपियनशिप में उसे चोट लग गई। इस कारण उसने खेलो इंडिया यूथ गेम्स से दूरी बना ली। बॉक्सर सानिया और ईवा ने बताया कि मंगलवार को सेमीफाइनल में खेलेंगी। उम्मीद है कि वह स्वर्ण पदक हासिल करेगी। यूथ गेम्स के लिए वह पिछले काफी समय से तैयारी कर रही थी।