हिसार साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) में सात फरवरी से ट्रायल शुरू होने जा रहे हैं। ट्रायल में देशभर से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने पहुंचेंगे। साई की ओर से एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और कुश्ती के ट्रायल लिए जाएंगे। इसको लेकर कोच की ड्यूटी लगाई गई है।
खिलाड़ियों का आवासीय और गैर आवासीय स्कीम के तहत साई में चयन किया जाएगा। आवासीय स्कीम के तहत खिलाड़ियों को हाॅस्टल में रहने से लेकर खाने के अलावा तमाम सुविधाएं दी जाएगी। एथलेटिक्स के ट्रायल 7 से 9 फरवरी तक, बॉक्सिंग के 8 से 10 फरवरी तक और कुश्ती के 20 से 22 फरवरी तक ट्रायल लिए जाएंगे। मेरिट लिस्ट के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
इस ट्रायल में 12 से 18 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। बॉक्सिंग में लड़कों का चयन आवासीय और गैर आवासीय, लड़कियों का चयन गैर आवासीय स्कीम के तहत किया जाएगा। वहीं, कुश्ती में लड़कों व लड़कियों का चयन आवासीय और गैर आवासीय स्कीम के तहत होगा। एथलेटिक में लड़कों का चयन आवासीय और गैर आवासीय स्कीम के तहत किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले साई की ओर से 22 से 24 जनवरी तक ट्रायल लिए गए थे, जो खिलाड़ी पिछले माह जनवरी में ट्रायल दे चुके हैं, वह दोबारा ट्रायल नहीं दे सकेंगे।
ट्रायल के समय जरूरी दस्तावेज
जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, खेल की उपलब्धियां, क्वालीफिकेशन के दस्तावेज, चार पासपोर्ट फोटो, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट साई में सात फरवरी से फिर से ट्रायल लिए जाएंगे। ऐसे में जो खिलाड़ी जनवरी माह में ट्रायल देने से वंचित रह चुके थे, उनके लिए यह सुनहरा मौका है। ट्रायल को लेकर कोच की ड्यूटी लगाई जा चुकी हैं।
- निशांत कुमार मोर्या, सहायक निदेशक, साई