नारनौंद। शुक्रवार को नारनौंद ट्रैफिक इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामनिवास ने तीन बुलेट का पटाखे बजाने पर 54 हजार 500 रुपये के चालान काटे हैं।
नारनौंद ट्रैफिक इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामनिवास ने बताया कि हांसी एसपी नितिका गहलोत के आदेश पर आज शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसके तहत पटाखे बजाने वाले बुलेट बाइकों के विशेषकर चालान किए गए हैं। जिनमें कागसर निवासी नवीन के बुलेट से पटाखा बजाने पर 34 हजार रुपये का चालान काटा। बुलेट का कोई भी कागजात न होने के चलते उसको इंपाउंड किया गया है। वहीं नारनौंद निवासी योगेश के बुलेट से पटाखा बजाने पर उसका 10500 रुपये का चालान काटा गया। वहीं करनाल निवासी सोहनलाल की बुलेट बाइक में पटाखा मिलने पर 10 हजार रुपये का चालान काटा गया है। नारनौंद ट्रैफिक इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामनिवास ने बताया कि पुलिस का स्पेशल अभियान चलाया गया है कि पटाखे बजाने वाले बुलेट मोटरसाइकिलों के हर रोज चालान काटे जाएंगे ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो।