हिसार। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बारिश के बाद हुए जलभराव के कारण डेंगू का डंक और अधिक खतरनाक होता जा रहा है। तीन में 64 मरीज मिलने के बाद चौथे दिन शुक्रवार को 20 नए मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस सीजन में अभी तक 1862 डेंगू संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं, इनमें से 295 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल जिले में 40 सक्रिय मरीज हैं।
पिछले 8 वर्षों में 4135 लोग डेंगू से ग्रस्त हुए। सबसे ज्यादा 1140 मरीज वर्ष 2015 में सामने आए। डेंगू रोकथाम के लिए नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम फील्ड में उतर चुुकी है। शुक्रवार को सेक्टर-14, मेहता नगर, इंदिरा कॉलोनी, हरिनगर, मित्तल नगर, लाजपत नगर, 12 क्वार्टर एरिया सहित कई क्षेत्रों में फॉगिंग करवाई गई। सिविल सर्जन डॉ. गोविंद गुप्ता ने बताया कि शहर के जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज पाए गए हैं, नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा वहां फॉगिंग की गई।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने लोगों से भी सतर्कता बरतने की अपील की है ताकि डेंगू के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाया जा सके। डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया सहित मच्छर जनित विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए विभाग द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों में समुचित प्रबंध किए गए हैं। नागरिक आसपास भरे पानी में काला तेल एवं डीजल का प्रयोग करें, ताकि मच्छर न पनपें। एक सप्ताह में कूलर, फ्रिज व पानी की टंकी की सफाई करना सुनिश्चित करें।
डेंगू मरीजों का आंकड़ा
वर्ष मरीज
2015 1140
2016 496
2017 538
2018 282
2019 168
2020 117
2021 1099
2022 295
कोरोना का एक नया केस मिला
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है। फिलहाल जिले में 3 सक्रिय मरीज हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 9 लाख 81 हजार 725 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें संक्रमण के कुल 63 हजार 862 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल 62 हजार 673 मरीज कोरोना से रिकवर हो चुके हैं। कोविड-19 की पहली लहर में 327, दूसरी लहर में 814 व तीसरी लहर में 45 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है।