शहर में विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री से 14.29 करोड़ रुपये की ग्रांट की मंजूरी मिल गई है। वहीं परिषद ने छह करोड़ रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव भेजा है जिसे ग्रांट जल्द ही मिलने की संभावना है। ग्रांट के जरिए शहर में तोरण द्वार, दो सामुदायिक भवन व चार चौकों का सुंदरीकरण करवाया जाएगा।
इसके लिए नगर परिषद ने तीन महीने पहले मुख्यालय से डिमांड की थी। मुख्यालय ने इस पर आपत्ति लगाकर वापस नगर परिषद कार्यालय में भेज दिया था। मुख्यालय ने हर विकास कार्य की विस्तृत जानकारी और उस पर होने वाले अनुमानित खर्च की जानकारी मांगी थी। ताकि विकास कार्यों का आकलन किया जा सके। परिषद की तकनीकी शाखा द्वारा इन सभी विकास कार्यों के एस्टीमेट बनाकर बीते महीने मुख्यालय में भेज दिया था। जिस पर अब मंजूरी मिल गई है। वहीं सेक्टर छह में नए सामुदायिक भवन के लिए भी प्रस्ताव भेजा है। कुल 21 करोड़ से विकास कार्य होंगे। इन विकास कार्यों को लेकर विधायक विनोद भयाना ने स्थानीय लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में नगर परिषद व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में नगर परिषद के प्रधान प्रवीण ऐलावीद, उपप्रधान अनिल बंसल, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी जयवीर डूडी व कई नगर पार्षद भी मौजूद रहे।
यह कार्य होंगे शहर में
14.29 करोड़ की राशि से शहर में 55 लाख रुपये की लागत से तोरण द्वार, तीन करोड़ रुपये की लागत से माॅडल टाउन में नया सामुदायिक भवन बनेगा। वहीं हिसार चुंगी, पुराना कचहरी चौक, अंबेडकर चौक व अग्रसेन चौक का सुंदरीकरण होगा। इसके अलावा गलियों के निर्माण कार्य होंगे। वहीं इसके अलावा 6 करोड़ रुपये की लागत से सेक्टर 6 में पुराने सामुदायिक भवन में नया भवन बनेगा। यहां पर पहले से पुराना भवन है। इसके साथ खाली जमीन में नया भवन बनेगा। इसके लिए प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। जल्दी ही इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए 14 करोड़ 29 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से शहर में 74 विकास कार्य पूरे करवाए जाने हैं। करीब छह करोड़ रुपये की लागत से नया सामुदायिक भवन बनेगा। विकास कार्यों को पूरा करवाने में किसी भी प्रकार की देरी या कोताही सहन नहीं की जाएगी। अगर घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- विनोद भयाना, विधायक