चरखी दादरी। वार्ड-17 निवासी युवक के बैंक खाते से अज्ञात लोगों ने धोखाधड़ी कर 1.22 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को दी शिकायत में निखिल ने बताया कि वह पढ़ाई करता है। गत 22 सितंबर को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई थी। जिस पर वह दादरी से रेफर होकर दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हो गया था। 28 सितंबर को ठीक होने पर वह घर आ गया। अस्पताल से आने के बाद जब उसने अपना बैंक खाता चेक किया तो 24 सितंबर को उसके खाते से 98 हजार रुपये और 25 सितंबर को 24,250 रुपये निकालने की ट्रांजेक्शन मिली, जबकि उसके द्वारा कोई भुगतान नहीं किया गया था। उसने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उसके खाते से 1,22,250 रुपये निकाल लिए। अब शिकायत के आधार पर दादरी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।