हिसार। जिले में मंगलवार को आए तूफान के दौरान पेड़ के नीचे दबकर जान गंवाने वाले रावलवास निवासी रोहित के शव का बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रोहित के रिश्तेदार जगन्नाथ ने बताया कि उसका चयन नेवी में हो चुका था और 17 जून को उसकी ज्वाइनिंग होनी थी लेकिन इससे पहले ही हादसे में उसकी मौत हो गई।
इस हादसे में घायल विशाल के पैर में 12 टांके आए हैं। उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह घर जा चुका है। मंगलवार को रोहित और विशाल खेत से लौट रहे थे। इसी दौरान तेज तूफान और बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए दोनों एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी पेड़ टूटकर गिर गया। रोहित उसके नीचे दब गया और उसकी गर्दन टूटने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विशाल को चोटें आईं। रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
-
फोटो एचएसआर 32
तूफान में टीन शेड टूटा, गडरिया घायल
गांव हिंदवान में तेज तूफान के कारण एक डेयरी का टीन शेड टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक गडरिया घायल हो गया। उसे जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में करीब 30 टांके लगे हैं। गांव हिंदवान निवासी पवन ने बताया कि वह मंगलवार को नहर के पास भेड़ चरा रहा था। तभी तेज तूफान और बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए वह एक डेयरी के टीन शेड के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान शेड टूटकर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। उसका साथी लख्मी भी चोटिल हुआ। हादसे में डेयरी में मौजूद 15 गायों की भी मौत हो गई।