हांसी उपमंडल के गांव चानौत में शुक्रवार को सुबह पंचायत हुई। इसमें टीकरी बॉडर्र पर पश्चिम बंगाल की युवती से दुष्कर्म के मामले में आरोपी अनूप चानौत का समर्थन करने का फैसला लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने संयुक्त किसान मोर्चा से मिलने का भी फैसला लिया है। खाप ने सरकार पर आरोप लगाया कि किसान आंदोलन को भटकाने के लिए निर्दोषों को फंसाया जा रहा है। साथ ही खाप ने एलान किया कि इस मामले में रोघी खाप अन्य आरोपियों की खापों को भी साथ लेगी।
इस दौरान रोघी खाप के प्रधान सुमेर सिंह ने कहा कि मामले में आरोपी बनाए गए दो लड़कों और दो लड़कियों की खाप से भी वह संपर्क कर रहे हैं। जल्द ही सर्व खाप पंचायत कर ठोस निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों और रोघी खाप ने एकमत से कहा कि पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन सरकार बेकसूर को बलि का बकरा न बनाए। पंचायत में मुख्य रूप से सर्वखाप के प्रवक्ता मास्टर फूल सिंह, सत्यवान ठेकेदार, पूर्व सरपंच वेदप्रकाश, काला ठेकेदार, अभय राम ठोलेदार, मांगेराम, टेकराम प्रधान, शोभाराम सरपंच, दरिया सिंह, महेंद्र, इंदराज, विकास पंच, राजबीर पंच, सत्यवान, राजेंद्र पंच, राजबीर पंच, सत्यवान, रामकुमार नंबरदार, रामपाल मेंबर, ईश्वर पंच आदि मौजूद रहे।
अनूप ने किया था वीडियो वायरल, बोला - अनिल मलिक ने की थी युवती से छेड़छाड़
इससे पहले मंगलवार को अनूप चानौत ने अपना एक वीडियो वायरल कर माना था कि युवती से उनके संगठन से जुड़े अनिल मलिक ने छेड़छाड़ की थी। हालांकि दुष्कर्म होने की बात से उसने इनकार किया। मंगलवार को अनूप चानौत के चार वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए। इनमें उसने पुलिस द्वारा बनाए गए छह आरोपियों में से खुद समेत पांच को पूरी तरह से निर्दोष बताया और मलिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। उसने बताया कि अनिल की गलत हरकतों की वजह से उसने अपने संगठन से मलिक को तुरंत अलग कर दिया था। गौरतलब है कि अनूप सिंह किसान सोशल आर्मी का संस्थापक मुखिया है।
हम पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं और जो भी दोषी हैं उसे चौराहे पर फांसी पर लटकाया जाए। मगर इस मामले में निर्दोष को फंसाया जा रहा है, यह गलत हैं। हम सरकार से मांग करते हैं कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। सरकार निर्दोष व किसान नेताओं को फंसाकर आंदोलन की दिशा को भटकाना चाहती है, जो हम किसी भी सूरत में नहीं होंने देंगे।
- कुलदीप खरड़, जिला प्रधान, किसान यूनियन, हिसार।
मैंने अनूप चानौत के साथ काफी समय काम किया है। मैं नहीं मान सकता कि अनूप ने दुष्कर्म जैसी घटना को अंजाम दिया है। हम पीड़िता के साथ हैं और हम यह चाहते हैं कि पीड़िता को इंसाफ मिले। मगर किसी बेकसूर व्यक्ति को इसमें न फंसाया जाए।
-हरपाल क्रांतिक, गांव चानौत।